#भरतपुर। बयाना कस्बे में मंगलवार रात भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के ऐतिहासिक उषा मंदिर पर विधायक डॉ. ऋतु बनावत, नगर पालिका अध्यक्ष उषा अग्रवाल और एसडीएम अल्का श्रीवास्तव ने विधिवत आरती उतारकर किया। इस अवसर पर राम बारात शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष पार्षद दिनेश शर्मा भी मौजूद थे। शोभायात्रा में मथुरा, अलीगढ़, वृंदावन, हिंडौन और स्थानीय बयाना से आई 21 आकर्षक एवं जीवंत झांकियां शामिल थीं, जो श्रद्धालुओं का मन मोह रही थीं। साथ ही हापुड़, सूरौठ और वृंदावन सहित विभिन्न स्थानों के सात बैंड दल मधुर धार्मिक धुनें बजाते हुए चल रहे थे। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी इस शोभायात्रा का बयाना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने छतों, चौराहों और सड़कों के किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर राम बारात में शामिल लोगों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडिशनल एसपी रामगोपाल बसवाल, डीएसपी देवेंद्र सिंह और सर्किल के थानों के सीआई भारी पुलिस जाब्ते के साथ तैनात रहे। देर रात रामबारात के पुनः उषा मंदिर पहुंचने के साथ ही इस धार्मिक आयोजन का समापन हुआ।
Bharatpur, Bharatpur | Oct 6, 2026