पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर शासकीय सुविधाएं - राज्यमंत्री श्री पटेल
==
जामसा में राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण
==
विधानसभा क्षेत्र के दोनों विकासखंडों की ऐसी सभी ग्राम पंचायतों में, जहां स्वयं का पंचायत भवन नहीं था, वहां पंचायत भवन स्वीकृत कर निर्माण कार्य कराया गया है। प्रारंभिक सूची के बाद शेष बची तीन पंचायतों के लिए भी स्वीकृति दिलाकर भवन निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। इसके साथ ही विधायक निधि एवं अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में लगातार सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है। इस आशय के विचार प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने ग्राम जामसा में नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण के दौरान व्यक्त किए ।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विकास कार्यों में जन-सहयोग जरूरी
श्री पटेल ने कहा सरकार द्वारा जनहित में कठिन प्रयासों के बाद विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की जाती है। ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा अस्पताल, स्कूल सहित अन्य सार्वजनिक संस्थानों के निर्माण के लिए यदि गांव में ही उपयुक्त शासकीय अथवा निजी भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग मिले, तो इन सुविधाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों को मिल सकेगा।
उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत भवन सहित अन्य विकास कार्यों के माध्यम से संचालित शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।