एबीवीपी कार्यकर्ताओं से कथित अभद्रता का आरोप, डीसी को सौंपी शिकायत
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा 18 अगस्त
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) चंबा विभाग ने एक अध्यापक पर संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने और मारपीट का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर एबीवीपी विभाग संयोजक की ओर से उपायुक्त चंबा को शिकायत सौंपकर संबंधित अध्यापक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, विद्यार्थी परिषद की ओर से समय-समय पर छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन एवं जागरूकता कार्यक्रम किए जाते हैं। इसी कड़ी में एबीवीपी कार्यकर्ता बी.वॉक के विद्यार्थियों को संबोधित करने के लिए महाविद्यालय परिसर पहुंचे थे।
एबीवीपी का आरोप है कि इस दौरान अमित वेद नामक अध्यापक ने कथित तौर पर कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज की। संगठन का यह भी आरोप है कि अध्यापक ने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर मारपीट का प्रयास किया तथा उन्हें पकड़ने की कोशिश की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने घटना को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अध्यापक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो एबीवीपी कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
एबीवीपी विभाग संयोजक अर्पित जरियाल ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों के लिए आवाज उठाना संगठन का अधिकार है और कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले का निष्पक्ष संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की।
बाइट: अर्पित जरियाल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद
#Chamba #ABVP #ABVPChamba #ChambaNews #PangiLiveNews #HimachalPradesh #StudentNews #CollegeNews #EducationNews #BreakingNews #LatestNews #ChambaUpdates #StudentVoice #ABVPNews #HimachalNews