*उरई: सदर तहसील में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती, अधिकारियों ने दिया जनसेवा और न्याय का संदेश*
*उरई, जालौन।* 2 अक्टूबर गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आज सदर तहसील उरई में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तहसील परिसर में ध्वजारोहण के साथ की गई।
झंडारोहण के बाद तहसील सभागार में गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार उरई, नायब तहसीलदार राहुल यादव, विजय कुमार, हरदीप सिंह, राजस्व निरीक्षक, अमीन और लेखपाल संघ के अध्यक्ष सहित समस्त लेखपाल उपस्थित रहे।
*तहसीलदार ने कहा- ईमानदारी से सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि*
तहसीलदार उरई ने गांधी जी को याद करते हुए कहा कि हमें जनता की सेवा करने का मौका मिला है, तो पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से उनकी सेवा करनी चाहिए, यही गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
*नायब तहसीलदारों ने दिया सत्य और संवेदनशीलता का संदेश*
नायब तहसीलदार राहुल यादव ने कहा कि अंतिम पायदान के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाना और उन्हें दफ्तरों के चक्कर न कटवाना ही सुकून का पल है। नायब तहसीलदार हरदीप सिंह ने उनके पदचिन्हों पर चलकर जनसेवा पर जोर दिया। नायब तहसीलदार विजय कुमार ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि आपदा में किसानों के साथ संवेदनशील होकर खड़ा होना चाहिए।
*उपजिलाधिकारी ने याद किए गांधी-शास्त्री के आंदोलन*
उपजिलाधिकारी सदर ने गांधी जी के आंदोलनों को याद करते हुए कहा कि जब कुछ समझ न आए तो अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को देखकर उसके हित में न्याय करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूर दक्षिण अफ्रीका में पार्टियां इस बात पर भिड़ जाती हैं कि हम गांधीवादी विचारधारा के हैं, लेकिन भारत में ही उनके विचारों को वह स्थान नहीं मिल रहा है, इस पर चिंतन की जरूरत है।
उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री जी को भी उतनी ही प्रमुखता से याद किया और देश की आजादी में उनके योगदान, उनके उपवास आंदोलनों और जन सहयोग को बताया। उन्होंने मानवता की अहमियत बताते हुए सभी को सम्मान देने की बात कही।
कार्यक्रम का कुशल संचालन सदर लेखपाल अरविंद नायक ने किया।
Jalaun, Jalaun | Oct 2, 2026