त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलवल के कुशल निर्देशन में पलवल पुलिस ने बाजारों में बढ़ाई पैदल गश्त और सुरक्षा व्यवस्था।*
Aonenews अरविन्द बक्शी
*पलवल पुलिस त्योहारी पर्वों को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है-दीप्ति गर्ग,एसपी पलवल।*
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा एवं चौकसी अभियान आरंभ किया गया है।
त्योहारों के चलते बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य बाजारों, विशेषकर सिटी मार्केट, कैंप मार्केट और आसपास के भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शाम के समय स्वयं बाजार क्षेत्रों में गश्त करें और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालें।
बाजारों में असामाजिक तत्वों, जेबकतरों और मनचलों पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस राइडर्स को ब्रीफिंग उपरांत निरंतर गश्त पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिस थाना के स्टाफ की विशेष टीमें सिटी मार्केट और कैंप मार्केट में पैदल गश्त कर रही हैं, ताकि खरीदारी करने आने वाली महिलाओं को पूरी तरह सुरक्षित और सहज माहौल मिल सके।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने स्पष्ट किया है कि शाम के पीक आवर्स के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाजार एसोसिएशनों और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। त्योहारी सीजन के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पलवल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और कटिबद्ध है।