*मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद द्वारा बल्लबगढ़ क्षेत्र में 2 स्थानों पर भरवाये गए कुट्टु आटे के सैम्पल*
Aonenews अरविन्द बक्शी
आज दिनांक 13.10.2026 को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जिला फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में नवरात्रों के दौरान कुट्टू के आटे की बिक्री में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी की जा रही है।
उक्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, फरीदाबाद की टीम द्वारा श्री इंद्रपाल, FSO, फरीदाबाद के साथ संयुक्त रूप से तिगांव रोड, बल्लभगढ़ स्थित बजरंग मसाले के नाम से दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान पर लगभग 500 किलोग्राम कुट्टू का आटा रखा हुआ पाया गया। मौके पर दुकान मालिक की हाजिरी में कुट्टू के आटे का एक खाद्य नमूना नियमानुसार लिया गया, जिसे परीक्षण हेतु प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। नमूने की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उसके उपरांत संयुक्त टीम द्वारा मेन मार्केट,बल्लभगढ़, घंटाघर चौक के पास स्थित पूर्णलाल मूलचंद जैन पंसारी नामक दुकान का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान पर लगभग 300 किलोग्राम कुट्टू का आटा रखा हुआ पाया गया। दुकान मालिक की हाजिरी में कुट्टू के आटे का एक खाद्य नमूना नियमानुसार लिया गया, जिसे परीक्षण हेतु प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
दोनों स्थानों से लिए गए खाद्य नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम/नियमों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।