#बालाघाट में 1700 पदों पर भर्ती, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर
जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के सहयोग से एसआईएस लिमिटेड द्वारा विशेष भर्ती अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर, सीआईटी, डीएच, एसएलवी, टर्मिनिक्स एवं जीटीओ सहित विभिन्न पदों पर कुल 1700 युवाओं का चयन किया जाएगा।
एसआईएस लिमिटेड के भर्ती अधिकारी श्री हरेंद्र ने बताया कि भर्ती अभियान में 1400 सुरक्षा गार्ड, 140 सुरक्षा सुपरवाइजर, सीआईटी/डीएच/एसएलवी के 40, टर्मिनिक्स के 10 तथा जीटीओ के 110 पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती में 10वीं एवं 12वीं पास तथा स्नातक अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। एनसीसी के बी एवं सी प्रमाण-पत्र धारकों को विशेष छूट तथा अधिकारी पदों के लिए भी अवसर दिया जाएगा।
भर्ती अधिकारी के अनुसार सुरक्षा जवान पद के लिए अभ्यर्थी का कम से कम 10वीं पास होना, ऊंचाई न्यूनतम 165 सेंटीमीटर तथा वजन 56 से 90 किलोग्राम के बीच होना आवश्यक है। भर्ती शिविर में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मैट्रिक की मार्कशीट एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के बाद निर्धारित तिथि पर एसआईएस रीजनल ट्रेनिंग सेंटर, सिंगरौली में प्रशिक्षण के लिए पहुंचना होगा। प्रशिक्षण 30 दिन का होगा। प्रशिक्षण केंद्र पर अभ्यर्थियों के रहने एवं खाने की व्यवस्था कंपनी द्वारा की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक यूनिफॉर्म भी उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी के अनुसार यूनिफॉर्म के लिए 10,900 रुपये जमा करने होंगे तथा इसकी जीएसटी रसीद प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी के फॉर्म के लिए 350 रुपये तथा जीटीओ रजिस्ट्रेशन के लिए 500 रुपये जमा करना होगा।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद कंपनी की आवश्यकता के अनुसार अभ्यर्थियों की मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पोस्टिंग की जाएगी। चयनित युवाओं को भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न उपक्रमों, पुरातत्व विभाग के अंतर्गत लाल किला एवं कुतुब मीनार, मेट्रो, गेल इंडिया लिमिटेड, मेडिकल संस्थानों, दूरसंचार विभाग तथा बड़ी कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था में कार्य करने का अवसर मिल सकता है।
पोस्टिंग के बाद सुरक्षा गार्ड को 15 हजार से 27 हजार रुपये तथा जीटीओ पद पर 33 हजार से 45 हजार रुपये तक वेतन दिए जाने की जानकारी दी गई है। वेतन प्रत्येक माह की 10 तारीख तक बैंक खाते में जमा किया जाएगा। इसके साथ ही पीएफ, ईएसआईसी मेडिकल सुविधा, ग्रेच्युटी, पेंशन, बोनस, सालाना वेतन वृद्धि तथा आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में 25 लाख रुपये तक की सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है। कंपनी द्वारा दो बच्चों की शिक्षा के लिए देहरादून के आईपीएस स्कूल में सुविधा तथा शादी, मकान निर्माण आदि के लिए ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। सेवा अवधि 65 वर्ष तक होने की जानकारी भी दी गई है।
भर्ती शिविर की शुरुआत 17 अगस्त को जनपद पंचायत लालबर्रा से हो चुकी है। इसके बाद 18 अगस्त को जनपद पंचायत बालाघाट, 19 अगस्त को वारासिवनी, 20 अगस्त को खैरलांजी, 21 अगस्त को कटंगी, 24 अगस्त को परसवाड़ा, 25 अगस्त को लांजी, 27 अगस्त को किरनापुर, 1 सितंबर को बैहर, 2 सितंबर को बिरसा तथा 3 सितंबर को पुनः जनपद पंचायत बालाघाट में भर्ती शिविर आयोजित किया जाएगा। सभी शिविरों का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। जिले के इच्छुक एवं पात्र बेरोजगार युवाओं से निर्धारित तिथि पर संबंधित जनपद पंचायत में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की गई है। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए एसआईएस लिमिटेड के भर्ती अधिकारी श्री हरेंद्र के मोबाइल नंबर 7667769617 पर संपर्क किया जा सकता है।
#CMMadhyaPradesh #mintechnicalmp #JansamaparkMP #minmpmsme