श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन जमुनिया की वार्षिक आमसभा आयोजित
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं समूहों का हुआ सम्मान
=================================
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विकासखंड छिंदवाड़ा के अंतर्गत श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ), जमुनिया की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू उपस्थित थे।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम श्रीमती रेखा अहिरवार एवं जिला प्रबंधक आईवीसीबी श्री रेवेन्द्र येड़े के मार्गदर्शन में किया गया। आमसभा में संकुल स्तरीय संगठन की वर्षभर की उपलब्धियों, कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व वर्ष के कार्यों एवं उपलब्धियों के साथ वैधानिक अंकेक्षण एवं आंतरिक अंकेक्षण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां - कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होने का अवसर मिला है। अनेक महिलाएं लखपति दीदी बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्य अतिथि सांसद श्री साहू ने महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सफलता की कहानियों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समूहों को और अधिक सशक्त बनाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ समूहों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने आगामी समय में संकुल से जुड़ी अधिक से अधिक दीदियों को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
सांसद श्री साहू ने दीदियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं समूहों की गतिविधियों की भी सराहना की तथा महिलाओं को भविष्य में बेहतर एवं स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान - कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूह, उत्कृष्ट ग्राम संगठन, लखपति दीदी, उत्कृष्ट सीआरपी एवं उत्कृष्ट बैंक सखी को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रोत्साहित करते हुए अन्य समूहों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
सीएलएफ के मार्गदर्शन मंडल द्वारा समूह की दीदियों को संगठन को मजबूत बनाने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा सामूहिक रूप से आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर सभी समूह सदस्यों को सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शी वित्तीय लेन-देन की शपथ भी दिलाई गई।
आजीविका एवं संस्थागत सशक्तिकरण पर मार्गदर्शन - बैठक में जिला प्रबंधक आईवीसीबी श्री रेवेन्द्र येड़े एवं श्री सुक्खन कवड़े द्वारा सामाजिक संस्थाओं एवं सामुदायिक संगठनों के सशक्तिकरण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड प्रबंधक श्री कपिल पटवा, सहायक विकासखंड प्रबंधक श्री अमर बहादुर, सीएलएफ नोडल श्री प्रकाश महोबिकर, सृजन संस्था के श्री रामभजन, छिंदवाड़ा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सीईओ श्री दीपक कब्जे, कंपनी के लेखपाल श्री अंबर नायक, भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी श्री दीपक सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों के स्व-सहायता समूहों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में समूह सदस्य उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
@Jansampark Madhya Pradesh