#भरतपुर। गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र के तरसूमा गांव में बुधवार रात दुकान के बाहर खड़े अनिल उर्फ भोला गुर्जर पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। हमले में गोली के छर्रे लगने से अनिल के दोनों पैर घायल हो गए, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए बयाना अस्पताल ले गए। पीड़ित पक्ष की ओर से चंद्रभान गुर्जर, दीपक और रणजीत गुर्जर सहित अन्य के खिलाफ गढ़ीबाजना थाने में मामला दर्ज कराया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही बयाना एएसपी रामगोपाल बसवाल, सीओ देवेंद्र जाखड़ और थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। नामजद आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। एएसपी के निर्देशों पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।