#भरतपुर। शहर में 15 अक्टूबर से शुरू होने वाली ऐतिहासिक जसवंत प्रदर्शनी के लिए दुकानों की नीलामी प्रक्रिया जारी है। इस बार नीलामी में दुकानों की दरें 10 गुना तक बढ़ गई हैं। हालांकि, प्रक्रिया के दौरान ब्रोकरों के सक्रिय होने और बाहर से आने वाले व्यापारियों पर दबाव बनाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि ब्रोकर कम कीमत में दुकानें खरीदकर बाहरी व्यापारियों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इस स्थिति से निपटने और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए नीलामी स्थल पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने बताया कि अब तक करीब 80 दुकानों की सफल नीलामी हो चुकी है, जिससे विभाग को बेहतर राजस्व मिला है। उन्होंने जानकारी दी कि अगले चरण में सर्कस, झूले और प्रसिद्ध खजला बाजार के प्लॉट्स की नीलामी की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से इस बार विभाग ने एक नया और सख्त नियम लागू किया है। अब सर्कस और झूले लगाने वाले संचालकों के लिए 2 करोड़ रुपए का पब्लिक लायबिलिटी इंश्योरेंस होना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना इंश्योरेंस प्रमाण-पत्र के किसी को भी झूले या सर्कस संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यापारी बिना इंश्योरेंस के प्लॉट लेता है, तो उसकी जमा राशि जब्त कर ली जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि प्रदर्शनी का आयोजन सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से पूरा हो।
Bharatpur, Bharatpur | Oct 9, 2026