#बालाघाट के प्रभावित 57 गांवों में स्वास्थ्य सर्वेक्षण और उपचार अभियान जारी
जिले के प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर सर्वेक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं उपचार का अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक कुल 48,360 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। साथ ही कुल 40,835 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। 05 अक्टूबर को विकासखंड बैहर के 21 गांवों के 29 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बिरसा के 23 गांवों के 41 आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई गई। बैहर में 29 केंद्रों के माध्यम से 547 तथा बिरसा में 41 केंद्रों के माध्यम से 579 बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया गया।
इसी प्रकार बैहर के 12 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 60 तथा बिरसा के 41 केंद्रों के माध्यम से 44 महिलाओं एवं बच्चों को घर पहुंचकर भोजन दिया गया। वहीं बैहर के 4 तथा बिरसा के 41 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को टेक होम राशन (टीएचआर) भी प्रदान किया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 5 अक्टूबर को विकासखंड बैहर के 4 गांवों में 14 तथा बिरसा के 4 गांवों में 15 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया गया। इस प्रकार कुल 8 गांवों के 29 हैंडपंपों में क्लोरीनेशन किया गया। इसके अलावा बिरसा विकासखंड के एक गांव में 6 जल स्रोतों से पानी के नमूने एकत्रित किए गए। पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बैहर एवं बिरसा विकासखंड के एक-एक गांव में एक-एक हैंडपंप की मरम्मत एवं सुधार कार्य भी किया गया।
प्रभावित क्षेत्रों में जनजागरूकता एवं आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अशासकीय संस्था PRADAN द्वारा बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं, किसानों एवं 'बावामानी सिंचाई समिति' जल उपभोक्ता समूह की महिला सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी रबी सीजन में सब्जी की खेती की योजनाओं पर चर्चा की गई।
जिले के प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं जनजागरूकता से जुड़े विभागों द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा इन गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal
#healthminmp #mp_wcdmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 5, 2026