
फर्जी सोशल मीडिया आईडी से जातिसूचक टिप्पणियों का आरोप, टड़ियावां ब्लॉक प्रमुख ने मांगी सुरक्षा
हरदोई। टड़ियावां ब्लॉक प्रमुख ने सोशल मीडिया पर फर्जी और संदिग्ध आईडी बनाकर उनके तथा उनके पिता की प्रोफाइल पर जातिसूचक, अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ब्लॉक प्रमुख ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और प्रदेश सरकार को प्रार्थनापत्र भेजकर साइबर सेल से जांच कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई नई संदिग्ध आईडी के माध्यम से लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि इन खातों के जरिए उनकी और उनके पिता की छवि खराब करने तथा सामाजिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि वह भाजपा कार्यकर्ता हैं और संगठन के कार्यक्रमों के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहते हैं। उनके पिता श्याम प्रकाश गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर चल रहा यह कथित अभियान आगे किसी अप्रिय घटना का रूप ले सकता है, जिससे परिवार में भय का माहौल है।
ब्लॉक प्रमुख ने साइबर सेल से संदिग्ध सोशल मीडिया खातों की तकनीकी जांच कर उनके संचालकों की पहचान करने, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कराने तथा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन फर्जी सोशल मीडिया खातों के जरिए जातिसूचक अपमान और आपत्तिजनक टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं।
फिलहाल सोशल मीडिया खातों के पीछे कौन लोग हैं और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसका अंतिम निर्धारण पुलिस की साइबर जांच के बाद ही हो सकेगा।
Bilgram, Hardoi | Aug 14, 2026