
गांव धनाना की तीनों ग्राम पंचायतों ने शुरु किया डोर टू डोर कचरा संग्रह का कार्य
सरपंच प्रतिनिधि कपिल शर्मा, वेदपाल जांगड़ा व राजेश ने दिखाई हरी झंडी
भिवानी, 30 सितंबर। एडीसी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक बाबू लाल करवा के मार्गदर्शन एवं उनक प्रेरणा से गांव पंचायत धनाना प्रथम,धनाना द्वितीय व धनाना तृतीया ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए गांव में घर-घर से कचरा संग्रह एवं उसके उचित निपटान कार्य का किया है। ग्राम पंचायत धनाना प्रथम में सरपंच प्रतिनिधि कपिल शर्मा, धनाना द्वितीय सरपंच वेदपाल जांगड़ा व धनाना तृतीया से राजेश कुमार ने कचरा संग्रह वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर ग्राम सचिव जितेंद्र शर्मा व प्रदीप, प्रवीण शर्मा,अजीत सिंह, समाजसेवी रामबीर जताई व सोनू सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
सरपंच प्रतिनिधि कपिल शर्मा ,वेदपाल जांगड़ा व राजेश कुमार ने कहा कि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जिले के 36 महाग्रामों और 7500 से अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों में घर-घर से कचरा उठाने और उसके निस्तारण की व्यवस्था शुरू करने का आह्वान किया था। पंचायत का लक्ष्य गांव के हर कोने को स्वच्छ और सुंदर बनाना है और इस दिशा में जो भी सुधार या कदम उठाने की जरूरत होगी, ग्राम पंचायत उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। योजना के पहले चरण में कचरा उठाने के लिए तीन ट्रैक्टर ट्रॉली चलाए गए, जो गांव की गलियों में घूमकर हर घर से कूड़ा इक_ा करेंगी।
वहीं लोगों को गीला कचरा, सूखा कचरा और अन्य तरह के कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने और कचरा संग्रहकर्ताओं को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घर-घर से कचरा उठने की वजह से लोग अब बाहर या तालाबों में कूड़ा नहीं फेंकेंगे। इससे गांव के तालाबों को प्रदूषित होने और उनमें मिट्टी व प्लास्टिक जमा होने से बचाया जा सकेगा। इसके अलावा इस व्यवस्था से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर जिला परिषद की डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल ने बताया कि बामला की दोनों पंचायतों ने गांव के हर घर से कूड़ा उठाने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि बड़े गांवों में पंचायतों द्वारा घर-घर से कचरा संग्रह का कार्य किया जा रहा है।
एडीसी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि गांव पंचायतें व प्रबुद्ध लोग अपने गांवों को निर्मल एवं स्वच्छ बनाने के लिए आगे आ रही हैं, जो कि बहुत अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि इससे गांवों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त होगी। गांवों में स्वच्छता होने से गंदगी से फैलने वाली अनेक प्रकार की संक्रामक बीमारियों से भी निजात मिलेगी।