Public App Logo
सुभाष पार्क में गूंजा राष्ट्रगान, तिरंगे की शान में उमड़ा जनसैलाब मल्लावां। नगर के मोहल्ला सुभाष पार्क में सेल्फ हेल्प ग्रुप के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और मोहल्लेवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिरंगा फहरते ही पूरा पार्क देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान की गूंज से सराबोर हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ भारत माता के विधि-विधान से पूजन-अर्चन से किया। इसके बाद ध्वजारोहण हुआ और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं निष्ठा व्यक्त की। समारोह में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और महान क्रांतिकारियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का दिन है। कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी से समारोह की रौनक बढ़ गई। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। कार्यक्रम के समापन पर मिष्ठान वितरण किया गया और उपस्थित लोगों का आभार जताया गया। सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि संस्था आगे भी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी। - Bilgram News