
स्वच्छ भारत अभियान के तहत 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी के विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
बवानीखेड़ा/भिवानी, 30 सितम्बर 2026:
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत चौ. बंसी लाल राजकीय पॉलिटेक्निक, भिवानी की 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी के कैडेट्स द्वारा आज सेठ किरोड़ीमल पार्क एवं नेकी राम पार्क, भिवानी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में कॉलेज के लगभग 30 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पार्कों में साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट सनी पन्नू एवं श्रीमती अन्नू कुमारी, लेक्चरर ने भी कैडेट्स के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. गीता गुलिया ने कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे स्वयं स्वच्छ रहें, अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखें तथा समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बना ले, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
एनसीसी कैडेट्स ने भी स्वच्छता को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया