
किशनगंज,गांव-गांव तक पहुंची स्वास्थ्य सुविधा,आरोग्य मंदिरों ने घटाया इलाज का बोझ
किशनगंज जिला अन्तर्गत आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंच केवल अस्पतालों की संख्या बढ़ाने से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि यह भी जरूरी है कि बीमारी की शुरुआती पहचान, जांच, उपचार और नियमित दवा लोगों को उनके घर के नजदीक उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से जिले में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बनकर उभरे हैं। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में शुरू की गई इन स्वास्थ्य संस्थाओं को अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नाम से संचालित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण आबादी को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ गैर-संचारी रोगों की जांच, उपचार और फॉलोअप को भी मजबूत किया जा रहा है।जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में 174 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 9 एपीएचसी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 5 शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और एक शहरी एपीएचसी के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल के माध्यम से आवश्यक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर के नजदीक उपलब्ध कराने का उद्देश्य केवल बीमारी का इलाज करना नहीं, बल्कि बीमारी को गंभीर होने से पहले पहचानना और लोगों को अनावश्यक स्वास्थ्य खर्च से बचाना भी है। यदि सामान्य जांच, दवा और गैर-संचारी रोगों की नियमित निगरानी स्थानीय स्तर पर हो जाए तो मरीजों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर स्थित अस्पतालों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च दोनों की बचत होगी।
14 प्रकार की जांच और 151 तरह की दवाओं की उपलब्धता
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि जिले में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को केवल प्राथमिक उपचार केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक स्वास्थ्य सेवा के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिले में संचालित कार्यशील आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर 14 प्रकार की डायग्नोस्टिक सेवाओं के साथ 151 प्रकार की दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने कहा कि दवाओं की मांग और आपूर्ति के लिए विभागीय डीवीडीएमएस पोर्टल के माध्यम से अधियाचना की जाती है। जिला स्तर से सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की लगातार निगरानी भी की जा रही है।आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर पदस्थापित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा निर्धारित दिनों में ओपीडी संचालित कर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक माह 12 से 14 तारीख के बीच स्वास्थ्य मेला आयोजित कर ग्रामीणों को जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
गैर-संचारी रोगों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिल रही फॉलोअप दवा
जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी डॉ. उर्मिला कुमारी ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सभी कार्यशील आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन केंद्रों पर सामान्य बीमारियों के उपचार के साथ ऐसे मरीजों के फॉलोअप की व्यवस्था भी की गई है, जिन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों से उपचार के बाद नियमित दवा की जरूरत होती है।उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कैंसर, दमा और सांस संबंधी बीमारियों जैसे गैर-संचारी रोगों के मरीजों को नियमित फॉलोअप सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे मरीजों को हर बार बड़े अस्पताल या निजी दवा दुकान तक जाने की आवश्यकता कम हुई है। स्थानीय स्तर पर दवा उपलब्ध होने से उपचार जारी रखना आसान हुआ है और मरीजों के समय तथा आने-जाने के खर्च में भी कमी आती है।डॉ. उर्मिला कुमारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की अद्यतन स्थिति का आकलन किया जा रहा है। इसमें चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, भवन की स्थिति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, मरीजों के बैठने की व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा शामिल है। जहां भी कमियां चिह्नित हो रही हैं, उन्हें दूर करने की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।
जन आरोग्य समिति से स्थानीय स्तर पर मजबूत हो रही जवाबदेही
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जन आरोग्य समितियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से स्थानीय पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, स्थानीय समस्याओं और आवश्यक सुधार को लेकर समिति के स्तर पर चर्चा की जाती है, जिससे छोटी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सके।इस व्यवस्था से स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन, प्रबंधन, उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग और जवाबदेही को मजबूत करने में मदद मिल रही है। ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक जरूरतों को समझना और उसके अनुरूप सुधार करना भी आसान हो रहा है।
बीमारी की रोकथाम पर जोर, घटेगा परिवारों का स्वास्थ्य खर्च
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सबसे बड़ी उपयोगिता यह है कि यहां स्वास्थ्य समस्या गंभीर होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते जांच और पहचान पर जोर दिया जा रहा है। गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, सामान्य बीमारियों का उपचार और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक मिल रही है।दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पहले सामान्य जांच या दवा के लिए भी अस्पताल तक आने-जाने में समय और पैसा खर्च होता था। अब स्थानीय स्तर पर जांच और दवा मिलने से उस अतिरिक्त खर्च को कम करने में मदद मिल रही है। साथ ही शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने से समय पर उपचार शुरू किया जा सकता है, जिससे आगे चलकर गंभीर बीमारी और अधिक खर्च की स्थिति से बचाव संभव है।जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से जोड़कर स्वास्थ्य विभाग का जोर अब इलाज के साथ रोकथाम और शुरुआती पहचान पर भी है। ग्रामीण क्षेत्र में मजबूत होती यह व्यवस्था सदर अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने वाले अनावश्यक मरीजों की संख्या को कम करने के साथ वहां उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने में भी सहायक बन रही है। इस तरह आयुष्मान आरोग्य मंदिर अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने और परिवारों को अनावश्यक स्वास्थ्य खर्च से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार कर रहे हैं।
#viralpost
#viralreelschallenge
#viralchallenge
#videogames
#viralreels
#vacaciones
#venezuela
#2026Goals
#newyork