
महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत श्री अग्रवाल सभा ने निर्माणाधीन श्रीअग्रसेन भवन में रोपा पौधा
समाज के प्रति जिम्मेदारियों को दोहराने का अवसर है महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव : सुनील सर्राफ
भिवानी, 29 सितंबर : श्री अग्रवाल सभा (रजि.) भिवानी द्वारा शहर में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और सेवा भाव के साथ मनाया जा रहा है। आगामी 21 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव के अंतर्गत समाज कल्याण, दया और परोपकार की भावना को केंद्र में रखते हुए पूरे माह विभिन्न प्रकार के सामाजिक व सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे। इसी श्रृंखला के तहत स्थानीय रोहतक रोड़ स्थित श्री अग्रसेन भवन में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं हिसार से विधायक सावित्री जिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अग्रसेन भवन पहुंचने पर श्री अग्रवाल सभा के प्रधान सुनील सर्राफ और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। विधायक श्री घनश्यामदास सर्राफ विशिष्ट अतिथि थे इसके उपरांत मुख्य अतिथि और सभा के पदाधिकारियों ने विधिवत रूप से महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्पांजलि अर्पित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सावित्री जिंदल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, अहिंसा और परस्पर सहयोग का जो मार्ग दिखाया था, वह आज के दौर में भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उनका एक ईंट और एक रुपया का सिद्धांत समाजवाद की सबसे उत्कृष्ट मिसाल है। जयंती महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण जैसे पुनीत कार्य से शुरुआत करना अत्यंत सराहनीय कदम है। प्रधान विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का पावन अवसर है। 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और शैक्षणिक गतिविधियों जैसे अनेक सेवा कार्य शामिल रहेंगे। सभा का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली संस्कारों से जोडऩा है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और सभा के सदस्यों ने भवन परिसर में विभिन्न छायादार व फलदार पौधे रोपे और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली। इस मौके पर प्रकाश मित्तल,दीवाकर जैन, मनीष मैदावाला, मनीष वैद, रामदेव तायल,ललित बुवानीवाला ,देबूराम,रामअवतार गुप्ता, सुरेश कागजी,दीपक गर्ग, मनोज कुमार, अधिवक्ता आशीष मित्तल, राजेश गोलपुरिया,राजेश बरेलिया , अधिवक्ता सुरेंद्र जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।