Public App Logo
Profile Picture

Buxar Online News

@buxaronlinenews
21554Followers
0Following
7 अक्टूबर को बक्सर में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’, किला मैदान से गोलंबर तक दिखेगा भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

- 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, ‘सेवा ज्योति चौक’ का होगा नामकरण

बक्सर । भारतीय जनता पार्टी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 7 अक्टूबर को बक्सर में भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर गुरुवार को कोईरपुरवा स्थित एक मैरिज हॉल में भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी और पंडित लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित तैयारी बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष मीना सिंह कुशवाहा तथा सह-संयोजक अविनाश पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए मीना सिंह कुशवाहा ने कहा कि भाजपा के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी मंडलों से यात्राएं निकलकर बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में एकत्र होंगी।

वहीं अविनाश पाण्डेय ने बताया कि किला मैदान से विशाल ज्योति यात्रा बक्सर गोलंबर तक जाएगी। गोलंबर के समीप जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री का संबोधन प्रस्तावित है। साथ ही गोलंबर के निकट स्थित चौक का नामकरण ‘सेवा ज्योति चौक’ किए जाने तथा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित करने की भी योजना है।

बैठक में यात्रा को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गईं। इस दौरान जिला प्रभारी अरुण कुशवाहा, पूर्व प्रदेश मंत्री पूनम रविदास, धनंजय त्रिगुण, महामंत्री लक्ष्मण शर्मा, सह-संयोजक नीलम सहाय समेत अन्य नेताओं ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में मनोज पांडेय, सतीश चंद्र त्रिपाठी, रमेश गुप्ता, विमलेश सिंह, जय प्रकाश राय, आशा नंद सिंह, नंद लाल पंडित, सुनील सिंह सहित वरिष्ठ नेता, सभी मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन से जुड़ी तैयारियों में जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय समेत अन्य कार्यकर्ता भी सक्रिय रहे।
महापुरुषों को नमन कर युवा जदयू नेता मार्कण्डेय पटेल ने किया अतिथियों का स्वागत, ‘जीविका दीदी के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में दिखा उत्साह

बक्सर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बक्सर में आयोजित कार्यक्रम में युवा जदयू नेता मार्कण्डेय पटेल ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने उनके आदर्शों को याद करते हुए अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम में शामिल जीविका दीदियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

मार्कण्डेय पटेल ने कहा कि 2 अक्टूबर देश के दो महान विभूतियों महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती का दिन है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इसी दिन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार द्वारा समाज के सर्वांगीण विकास, महिलाओं के सशक्तीकरण और ग्रामीण समाज को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जीविका की स्थापना की गई थी। जीविका के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे बिहार के साथ बक्सर में भी ‘नीतीश संवाद’ के तहत ‘जीविका दीदी के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के बक्सर जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में केसरिया की विधायक शालिनी मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डुमरांव विधायक राहुल सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों के साथ जदयू के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।

इस मौके पर दिनेश सिंह, लाला सिंह, राजेश बारी, बब्लू शर्मा, वरिष्ठ नेता बबन चौधरी, उमेश चौधरी, नीरज पटेल, राजेश खरवार, परमानंद खरवार, प्रदीप खरवार, अभिषेक ओझा, मोनू सिंह, हमरेंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता एवं साथी मौजूद रहे।
त्योहारों पर ज्वेलरी खरीदारी का ‘त्योहार धमाका’, KISNA में मेकिंग चार्ज पर 100% तक छूट; स्कूटी और कार जीतने का मौका

बक्सर । त्योहारों के मौसम को देखते हुए शहर के पीपी रोड स्थित KISNA Diamond & Gold Jewellery शॉप में विशेष ‘त्योहार धमाका ऑफर’ का शुभारंभ 1 अक्टूबर 2026 से हो गया है। ऑफर शुरू होने के साथ ही ग्राहकों में उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग अपनी पसंद की डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी की बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं।

शॉप के प्रोप्राइटर परशुराम वर्मा एवं हिमांशु वर्मा ने बताया कि ‘त्योहार धमाका ऑफर’ के तहत डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी की खरीदारी पर ग्राहकों को आकर्षक लाभ दिया जा रहा है। कंपनी की ओर से मेकिंग चार्ज पर 100 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है। इससे त्योहारों के अवसर पर आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

संचालकों के अनुसार, ऑफर के तहत 25 प्रतिशत राशि के साथ ज्वेलरी बुकिंग की सुविधा भी दी जा रही है। बुकिंग के समय निर्धारित रेट के संबंध में बताया गया कि यदि बाद में ज्वेलरी के रेट में बढ़ोतरी होती है तो ग्राहक को बुकिंग के समय का रेट मिलेगा। वहीं, बाजार भाव में गिरावट होने पर ग्राहक को गिरावट वाले रेट पर ज्वेलरी उपलब्ध कराई जाएगी।

ऑफर को और आकर्षक बनाते हुए ग्राहकों के लिए स्कूटी और कार जीतने का मौका भी रखा गया है। त्योहारों के सीजन में खरीदारी को लेकर शॉप पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है और कई ग्राहक अपनी पसंद के आभूषणों की बुकिंग करा रहे हैं।

संचालकों ने बताया कि ऑफर से संबंधित विस्तृत जानकारी, बुकिंग प्रक्रिया और उपलब्ध ज्वेलरी की जानकारी पीपी रोड स्थित शॉप पर प्राप्त की जा सकती है। सभी ऑफर और लाभ कंपनी के निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार लागू होंगे।
सत्य, अहिंसा और सेवा के आदर्शों से सुदृढ़ समाज का निर्माण संभव : डॉ. दिलशाद आलम

- साबित खिदमत फाउंडेशन एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन ने श्रद्धापूर्वक मनाई गांधी-शास्त्री जयंती

बक्सर । साबित खिदमत फाउंडेशन एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके जीवन, विचारों और राष्ट्रनिर्माण में योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साबित खिदमत फाउंडेशन के निदेशक एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर संवेदनशील और सुदृढ़ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गरीबों और वंचितों की सहायता, आपसी सद्भाव तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने किसानों और जवानों के महत्व को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ते हुए देशसेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. मनीष कुमार ने शास्त्री जी के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती आत्मचिंतन का भी अवसर है। देश की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक एकता और जिम्मेदार नागरिकता को मजबूत करना जरूरी है।

कार्यक्रम में इजाज, फिजा, विकास, मुस्लिम, राहुल, नासिर, नरेंद्र, नगमा, राम प्यारे, तेज नारायण, पूजा, तहकशा, अमरजीत, आयशा, रोशनी, सबाना, विक्की सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सतीश चंद्र राय बने रालोमो के प्रदेश सचिव, बधाई देने वालों का लगा तांता

बक्सर । राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने बिहार प्रदेश संगठन में फेरबदल करते हुए बक्सर के वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता सतीश चंद्र राय को प्रदेश सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह द्वारा जारी नई संगठनात्मक सूची में उनके नाम की घोषणा के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

सतीश चंद्र राय लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में बूथ स्तर से लेकर संगठन के विभिन्न दायित्वों पर कार्य किया है। वे पूर्व में डुमरांव ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। इसके अलावा भाजपा क्रीड़ा मंच के बिहार प्रदेश क्षेत्रीय प्रभारी के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक कार्य किया है।

भाजपा से अलग होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय लोक मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। संगठन में उनके अनुभव, सक्रियता और जमीनी जुड़ाव को देखते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह के नेतृत्व में उन्हें प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

नवनियुक्त प्रदेश सचिव सतीश चंद्र राय ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना और रालोमो की नीतियों को जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।

उनकी नियुक्ति पर रालोमो जिलाध्यक्ष विंध्याचल कुशवाहा, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, विपिन बिहारी सिंह, सुजीत सिंह, पुनीत सिंह, मनोज सिंह, दीपक यादव, शक्ति राय, दयाशंकर तिवारी, संतोष दुबे, राजाराम पांडेय, अखिलेश सिंह, अमरेंद्र केवट, रोहित सिंह, राजीव कुमार पाठक, अभिषेक रंजन, संटू मित्रा, राजकुमार कुंवर, अभिषेक चौरसिया, सुदर्शन शर्मा, अमित सिंह, अभिषेक पाठक सहित अनेक लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कृतपुरा उच्च विद्यालय में भ्रष्टाचार के आरोपों पर गरमाया मामला, भाजपा नेता सोनू राय ने DEO से की जांच की मांग
अमित मानसिंहका की स्मृति में 3 अक्टूबर को मेगा रक्तदान शिविर, गोयल धर्मशाला में जुटेंगे रक्तवीर

बक्सर । स्मृति शेष अमित मानसिंहका की जयंती के अवसर पर ब्लड बक्सर की ओर से आगामी 3 अक्टूबर को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। वीर कुँवर सिंह चौक के समीप स्थित जयनारायण गोयल स्मृति भवन (गोयल धर्मशाला) में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले इस शिविर में बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन का सहयोग रहेगा।

आयोजकों के अनुसार यह शिविर अमित मानसिंहका की स्मृति को समर्पित है और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद का संदेश दिया जाएगा। शिविर में अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर इस मानवीय अभियान का हिस्सा बनने की अपील की गई है।

ब्लड बक्सर के रक्तवीर प्रियेश कुमार ने बताया कि इच्छुक रक्तवीर शिविर में शामिल होकर रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन अथवा विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए 8804433322 पर संपर्क किया जा सकता है।

आयोजक ब्लड बक्सर एवं बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, बक्सर ने शहरवासियों और युवाओं से बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में रक्तदान की भूमिका महत्वपूर्ण है और एक यूनिट रक्त कई लोगों के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बना शिव रामा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, नवजातों को मिल रही विशेषज्ञ चिकित्सा के साथ डॉ. डीएन सिंह की संवेदनशील देखभाल

बक्सर । शहर के चरित्रवन स्थित जेल मोड़ पर संचालित शिव रामा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल इन दिनों नवजात एवं बच्चों के बेहतर इलाज को लेकर चर्चा में है। अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी उपचार उपलब्ध कराने की पहल ने लोगों का ध्यान खींचा है। अस्पताल में इलाज के साथ बच्चों और उनके परिजनों के प्रति चिकित्सकीय संवेदनशीलता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

हॉस्पिटल के निदेशक एवं प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएन सिंह के अनुसार अस्पताल में बच्चों और नवजातों के उपचार के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनों और एडवांस तकनीकों के माध्यम से नवजात एवं शिशु रोग से जुड़ी विभिन्न जटिल स्थितियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

डॉ. डी.एन सिंह ने कहा कि नवजात शिशु का जीवन बेहद संवेदनशील होता है और शुरुआती समय में सही चिकित्सकीय देखभाल बेहद महत्वपूर्ण होती है। अस्पताल का प्रयास है कि बक्सर और आसपास के क्षेत्रों के परिवारों को बच्चों के उपचार के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बच्चों का गंभीर इलाज कराना बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे परिवारों को यथासंभव राहत देना अस्पताल की प्राथमिकताओं में शामिल है। चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मरीज और उसके परिवार को भरोसा एवं संवेदना भी मिलनी चाहिए।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नवजात बच्चों के उपचार में आधुनिक तकनीक के साथ अनुभवी चिकित्सकीय निगरानी पर जोर दिया जा रहा है। इसी वजह से अस्पताल में पहुंचने वाले कई परिवार इसे बच्चों के इलाज के लिए एक महत्वपूर्ण स्थानीय विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
पीडीएस डीलरों की समस्याओं को लेकर डुमराँव SDM से मिले संघ के प्रतिनिधि, ब्लॉक कॉर्डिनेटर की कमी और पॉस मशीन खराब होने का उठा मुद्दा

बक्सर । जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े डीलरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पीडीएस संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने डीलरों को हो रही व्यावहारिक परेशानियों से एसडीएम को अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में सिमरी प्रखंड अध्यक्ष धीरेन्द्र तिवारी, डुमरांव प्रखंड अध्यक्ष लाल साहब सिंह, नावानगर प्रखंड अध्यक्ष शिवचंद सिंह और डुमरांव मंडल अध्यक्ष भूटेश्वर सिंह शामिल रहे। भूटेश्वर सिंह ने बताया कि डीलरों की प्रमुख समस्या विभिन्न प्रखंडों में ब्लॉक कॉर्डिनेटर (बीसी) के पद रिक्त रहने की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ ही प्रखंडों में बीसी उपलब्ध हैं, जबकि अन्य प्रखंडों में इसकी कमी के कारण डीलरों को विभागीय कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा डीलरों ने पॉस (POS) मशीनों के बार-बार खराब होने तथा प्रखंड एवं जिला स्तर पर आवश्यक संसाधनों की कमी की समस्या भी एसडीएम के समक्ष रखी। उनका कहना था कि तकनीकी समस्या के कारण लाभुकों को राशन वितरण में भी परेशानी होती है।

एसडीएम राजीव कुमार ने डीलरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन-जिन प्रखंडों में ब्लॉक कॉर्डिनेटर के पद रिक्त हैं, वहां जल्द प्रतिनियुक्ति कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।

एसडीएम ने पॉस मशीन एवं अन्य संसाधनों से जुड़ी समस्याओं के संबंध में भी जिला आपूर्ति पदाधिकारी से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि डीलरों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
बक्सर के खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खाने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, दो दर्जन गोवंश बरामद; एक संदिग्ध हिरासत में

बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले में कथित अवैध बूचड़खाने की शिकायत पर प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार एवं नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ की गई छापेमारी में करीब दो दर्जन गोवंश बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है।

पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि खलासी मोहल्ले में अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किए जाने और गोवंश की कथित तौर पर कटाई किए जाने की शिकायत लगातार थाना को मिल रही थी। नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह से सूचना मिलने के बाद टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।

निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि मौके पर जिस तरीके से गोवंश को रखा गया था और आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, उससे प्रथम दृष्टया यहां अवैध गतिविधि संचालित होने की आशंका सामने आई है। छापेमारी के दौरान काटने में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का बोटा भी बरामद किया गया है।

दीपक कुमार ने कहा कि गोवंश की अवैध कटाई पूरी तरह कानून के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध गतिविधि का संचालन कौन लोग कर रहे थे।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की शिकायतों पर आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांधी जयंती पर डीएम साहिला ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा का लिया संकल्प

बक्सर । गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित वाटिका एवं कँवलदह पोखर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

इस अवसर पर डीएम साहिला ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता और जनसेवा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में स्वच्छता, सद्भाव, अनुशासन और जनहित की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए लोकसेवा में निष्ठा, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना चाहिए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जयंती केवल महान व्यक्तित्वों के विचारों के स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में उतारने का भी अवसर है। लोकसेवा से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, वरीय उप समाहर्ता, सदर एसडीएम अविनाश कुमार सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करने तथा जनहित में निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
गांधी जयंती पर बक्सर की जेलों से 7 सजावार बंदियों की होगी रिहाई, राज्य सरकार के निर्णय के बाद मिली परिहार की मंजूरी

बक्सर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार के निर्णय के तहत बक्सर की जेलों में बंद सात सजावार बंदियों को परिहार का लाभ देकर कारामुक्त किया जा रहा है। एक बारगी उपाय के तहत दोषसिद्ध बंदियों को रिहा करने का निर्णय लिया गया है। जिला स्तरीय समिति से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इन बंदियों की कारामुक्ति के लिए अनुशंसा किए जाने का निर्णय लिया गया।

निर्णय के तहत केन्द्रीय कारा, बक्सर में संसीमित चार सजावार बंदियों तथा मुक्त कारागार, बक्सर में संसीमित तीन सजावार बंदियों को रिहा किया जा रहा है।

रिहा होने वाले बंदियों में केन्द्रीय कारा से हरिवंश राम (84 वर्ष), रामवृक्ष कोईरी (93 वर्ष), रामाश्रय कोईरी (80 वर्ष) और सत्यनारायण राम (83 वर्ष) शामिल हैं। चारों बंदी रोहतास जिले के सासाराम क्षेत्र के निवासी हैं।

वहीं, मुक्त कारागार, बक्सर से विश्वनाथ यादव (73 वर्ष), हंसराज राम उर्फ हंसराज चमार (81 वर्ष) और बलराम सिंह (78 वर्ष) को कारामुक्त किया जा रहा है। विश्वनाथ यादव पटना, हंसराज राम पश्चिम चंपारण तथा बलराम सिंह सहरसा जिले के निवासी हैं।

राज्य सरकार का यह निर्णय गांधी जयंती के अवसर पर एक बारगी उपाय के रूप में दोषसिद्ध बंदियों को परिहार का लाभ प्रदान कर कारामुक्त करने से संबंधित है। इसके तहत जिला एवं राज्य स्तरीय समितियों की अनुशंसा और निर्णय के बाद बक्सर की दोनों काराओं से कुल सात बंदियों की रिहाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ पूर्व सैनिकों का सम्मान

बक्सर । अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह में जिले के वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी अंजलि ने बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह के संयोजन में डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।

इस दौरान डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष एवं सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) समेत कई वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन की ओर से पूर्व सैनिकों के देश के प्रति योगदान और उनकी सेवाओं के लिए सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया।

समारोह में JWO जय प्रकाश प्रसाद, शेषनाथ राय, अवध यादव, सुरेंद्र सिंह, ध्रुप यादव, श्रवण सिंह, सीताराम प्रसाद, सी.पी. पाठक, सुभाष सिंह और जालिम प्रसाद समेत अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

पूर्व सैनिकों ने कहा कि वृद्धजन समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं। वहीं, देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।
बिहार सेंट्रल स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर सेमिनार, सामाजिक मूल्यों और चरित्र निर्माण पर हुई चर्चा

बक्सर । शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में ‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य और सामाजिक मूल्य’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की।

अपने संबोधन में सरोज सिंह ने कहा कि विश्व के महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के कार्य, विचार एवं जीवन-दर्शन हमें सत्यनिष्ठा, सादगी और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्वों की जयंती केवल समारोह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके विचारों के छोटे से अंश को भी अपने व्यवहारिक जीवन में उतारने का प्रयास होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन-दर्शन आज के दौर में भी उतना ही प्रासंगिक है। सामाजिक हिंसा और आधुनिक जीवनशैली की विसंगतियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने गांधी के आदर्शों पर आधारित समाज और शास्त्री जैसे सादगीपूर्ण एवं राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। कक्षा सातवीं की रागिनी ने गीत के माध्यम से गांधी और शास्त्री के जीवन-दर्शन को प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा सातवीं की अर्चना ने अपने भाषण में समाज में बच्चों के चरित्र निर्माण को महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी सामाजिक मूल्यों, नैतिकता और विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण को लेकर अपने विचार साझा किए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सेमिनार का समापन हुआ।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सिपाही घाट पर गंगा स्वच्छता का संदेश, डीएम साहिला की मौजूदगी में हुआ व्यापक कार्यक्रम

बक्सर । ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के तहत जिला गंगा समिति, बक्सर के तत्वावधान में शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर गंगा तट स्थित सिपाही घाट पर व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला गंगा समिति की अध्यक्ष सह जिलाधिकारी साहिला की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य कर्मियों, विद्यालयों के खेल शिक्षकों तथा रूद्रा गुरुकुल समूह के सदस्यों ने सामूहिक रूप से सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान गंगा योग, गंगा स्वच्छता शपथ, हस्ताक्षर अभियान, गंगा स्वच्छता सम्मान, गंगा स्वच्छता दौड़ और मानव रंगोली समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

बक्सर गंगा तटवर्ती जिला होने के कारण गंगा को यहां की जीवनरेखा माना जाता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और युवाओं ने गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्रावणी मेला सहित विभिन्न जिला स्तरीय आयोजनों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों एवं पदाधिकारियों को जिला गंगा समिति की ओर से ‘गंगा स्वच्छता सम्मान’ देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी साहिला ने आह्वान किया कि गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है। गंगा की स्वच्छता स्वस्थ समाज और राष्ट्र की समृद्धि की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से गंगा में कचरा नहीं डालने तथा स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, वरीय पदाधिकारीगण, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जेल अधीक्षक, नमामि गंगे के प्रभारी नोडल पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, समाहरणालय संवर्ग के प्रशासी पदाधिकारी एवं लिपिक, मीडिया कर्मी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
जिउतिया पर गंगा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर व पुलिस बल; डुमराँव SDM राजीव कुमार ने श्रद्धालुओं से की गहरे पानी में जाने से बचने की अपील
बक्सर में IMA के CME में कैंसर के आधुनिक इलाज पर मंथन, उपकार हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पटेल ने बताई लैप्रोस्कोपिक-रोबोटिक सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी की नई तकनीकें
डुमराँव में जितिया पर्व पर जरूरतमंद माताओं के चेहरे पर खिला खुशी का रंग, HAM जिलाध्यक्ष ऋषि राय के साड़ी वितरण कार्यक्रम में सैकड़ों माताओं को मिला उपहार
बक्सर में NH-922 पर पुलिस वाहन का एक्सीडेंट,बिजली विभाग की पिकअप में घुसी भोजपुर जिला पुलिस की गाड़ी,बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी, वाहन के उड़े परखच्चे
डुमराँव-बिक्रमगंज NH-120 पर खत्म हुई नो-एंट्री, रात 10 बजे से सुबह 4:30 बजे तक ट्रकों का परिचालन शुरू; SDM ने जारी किया नया आदेश
पत्रकारों की मांगों को लेकर डीएम से मिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का शिष्टमंडल, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बक्सर । पत्रकारों के हितों और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बक्सर जिला इकाई का शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी आईएएस साहिला से मिला। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम मांगपत्र सौंपते हुए पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की मांग की।

बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर ने जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा। ज्ञापन में देश में नए मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने, वर्किंग जर्नलिस्ट के लिए पूर्व में उपलब्ध कानूनी सुरक्षा उपायों को बहाल करने तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया कर्मियों को शामिल करते हुए नए वेज बोर्ड के गठन की मांग की गई है।

ज्ञापन में यूनियन द्वारा कहा गया है कि पिछले चार दशकों में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदला है। 24 घंटे के न्यूज चैनल, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार के साथ पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।

यूनियन के महासचिव आलोक कुमार एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार ठाकुर ने कहा कि एक स्वतंत्र, सक्रिय और आर्थिक रूप से सुरक्षित प्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी साहिला ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक संदेश देते हुए ज्ञापन को उचित माध्यम से आगे भेजने का भरोसा दिलाया।
कैंसर उपचार में आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, IMA बक्सर के CME में लैप्रोस्कोपिक-रोबोटिक सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी पर चर्चा

बक्सर । ईस्टर्न ग्रेस होटल में बुधवार की शाम इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), बक्सर के तत्वावधान में CME (Continuing Medical Education) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। वाराणसी स्थित उपकार हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट से पहुंचे प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पटेल ने कैंसर के इलाज में तेजी से विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर चिकित्सकों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में IMA बक्सर के अध्यक्ष डॉ. आरएन तिवारी, सचिव डॉ. रितेश चौबे, प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. वीके सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएन सिंह सहित जिले के कई चिकित्सक मौजूद रहे। शुरुआत में IMA के पदाधिकारियों ने डॉ. स्वप्निल पटेल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

CME का विषय ‘Latest Advancements in Cancer Care: Laparoscopic & Robotic Surgery and Immunotherapy’ रहा। डॉ. स्वप्निल पटेल ने कैंसर के इलाज में लैप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जरी तथा इम्यूनोथेरेपी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर को लेकर भय और झिझक के कारण कई मरीज इलाज के लिए देर से पहुंचते हैं, जबकि समय पर बीमारी की पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह से उपचार के बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।

डॉ. स्वप्निल पटेल एमएस (सर्जरी), एम्स नई दिल्ली के गोल्ड मेडलिस्ट तथा एमसीएच (ऑन्को सर्जरी), टाटा कैंसर हॉस्पिटल, मुंबई से प्रशिक्षित हैं। वे महामना टाटा कैंसर हॉस्पिटल, बीएचयू, वाराणसी में एसोसिएट प्रोफेसर भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे वाराणसी के उपकार हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट से जुड़े हैं, जहां कैंसर के आधुनिक उपचार और सर्जरी से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान कैंसर की समय पर स्क्रीनिंग और जागरूकता पर भी जोर दिया गया। खासकर महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान को महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित जांच और लक्षणों की अनदेखी नहीं करने की सलाह दी गई।

IMA अध्यक्ष डॉ. आरएन तिवारी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान लगातार नई तकनीकों के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे CME कार्यक्रमों से चिकित्सकों को नई उपचार पद्धतियों और विशेषज्ञों के अनुभवों को समझने का अवसर मिलता है।

IMA सचिव डॉ. रितेश चौबे ने कहा कि CME के माध्यम से चिकित्सकों के ज्ञान को लगातार अपडेट करने का प्रयास किया जाता है, ताकि बदलती चिकित्सा तकनीकों का लाभ मरीजों तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. स्वप्निल पटेल ने जिले के कई चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मैत्री भोज का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने आपसी संवाद और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनुभव साझा किए।
जीवित्पुत्रिका व्रत पर खत्म हुआ भ्रम, बक्सर के विद्वान आचार्यों ने शास्त्रीय प्रमाणों से सुलझाया विवाद; 4 अक्टूबर को व्रत और 5 अक्टूबर को सुबह 6:10 बजे के बाद होगा पारण, काशी के पंचांगकारों को शास्त्रार्थ की चुनौती
‘चिरकुट’ बयान पर सियासी घमासान, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति जताई सहानुभूति, विधायक आनन्द मिश्रा पर साधा निशाना
बिहार स्टेट एजुकेशनल कॉन्क्लेव में बक्सर के रोहित दुबे ने युवाओं को दिया करियर मंत्र, शिक्षा और भविष्य को लेकर रखे विचार

बक्सरन। बिहार स्टेट एजुकेशनल कॉन्क्लेव में बक्सर निवासी लेखक, मार्शल आर्टिस्ट एवं कॉरपोरेट प्रोफेशनल रोहित दुबे ने युवाओं के शिक्षा और करियर को लेकर अपने विचार साझा किए। स्वर्गीय डॉ. बैजनाथ दुबे के पुत्र रोहित दुबे ने कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा के साथ मंच साझा किया।

अपने संबोधन में रोहित दुबे ने युवाओं से करियर को लेकर सजग और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने से पहले यह समझना जरूरी है कि जिसे हम अपना पैशन मान रहे हैं, वह वास्तव में पैशन है या महज फैंटेसी। दोनों के बीच अंतर किए बिना लिया गया करियर निर्णय भविष्य में चुनौती बन सकता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री और अंकों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। कौशल विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और करियर की बेहतर तैयारी भी युवाओं के भविष्य के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण है। बदलते दौर में युवाओं को अपनी रुचि, क्षमता और अवसरों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है।

रोहित दुबे ‘Letter To My Son’ और ‘30 Lessons Not Taught in School’ के लेखक हैं। कॉन्क्लेव में उनके विचारों को युवाओं और शिक्षा से जुड़े प्रतिभागियों के लिए उपयोगी बताया गया।