
कैंसर उपचार में आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, IMA बक्सर के CME में लैप्रोस्कोपिक-रोबोटिक सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी पर चर्चा
बक्सर । ईस्टर्न ग्रेस होटल में बुधवार की शाम इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), बक्सर के तत्वावधान में CME (Continuing Medical Education) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। वाराणसी स्थित उपकार हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट से पहुंचे प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पटेल ने कैंसर के इलाज में तेजी से विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर चिकित्सकों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में IMA बक्सर के अध्यक्ष डॉ. आरएन तिवारी, सचिव डॉ. रितेश चौबे, प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. वीके सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएन सिंह सहित जिले के कई चिकित्सक मौजूद रहे। शुरुआत में IMA के पदाधिकारियों ने डॉ. स्वप्निल पटेल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
CME का विषय ‘Latest Advancements in Cancer Care: Laparoscopic & Robotic Surgery and Immunotherapy’ रहा। डॉ. स्वप्निल पटेल ने कैंसर के इलाज में लैप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जरी तथा इम्यूनोथेरेपी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर को लेकर भय और झिझक के कारण कई मरीज इलाज के लिए देर से पहुंचते हैं, जबकि समय पर बीमारी की पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह से उपचार के बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।
डॉ. स्वप्निल पटेल एमएस (सर्जरी), एम्स नई दिल्ली के गोल्ड मेडलिस्ट तथा एमसीएच (ऑन्को सर्जरी), टाटा कैंसर हॉस्पिटल, मुंबई से प्रशिक्षित हैं। वे महामना टाटा कैंसर हॉस्पिटल, बीएचयू, वाराणसी में एसोसिएट प्रोफेसर भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे वाराणसी के उपकार हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टीट्यूट से जुड़े हैं, जहां कैंसर के आधुनिक उपचार और सर्जरी से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान कैंसर की समय पर स्क्रीनिंग और जागरूकता पर भी जोर दिया गया। खासकर महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान को महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित जांच और लक्षणों की अनदेखी नहीं करने की सलाह दी गई।
IMA अध्यक्ष डॉ. आरएन तिवारी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान लगातार नई तकनीकों के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे CME कार्यक्रमों से चिकित्सकों को नई उपचार पद्धतियों और विशेषज्ञों के अनुभवों को समझने का अवसर मिलता है।
IMA सचिव डॉ. रितेश चौबे ने कहा कि CME के माध्यम से चिकित्सकों के ज्ञान को लगातार अपडेट करने का प्रयास किया जाता है, ताकि बदलती चिकित्सा तकनीकों का लाभ मरीजों तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. स्वप्निल पटेल ने जिले के कई चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मैत्री भोज का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने आपसी संवाद और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनुभव साझा किए।
Buxar, Buxar | Oct 1, 2026