
बक्सर के खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खाने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, दो दर्जन गोवंश बरामद; एक संदिग्ध हिरासत में
बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले में कथित अवैध बूचड़खाने की शिकायत पर प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार एवं नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ की गई छापेमारी में करीब दो दर्जन गोवंश बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है।
पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि खलासी मोहल्ले में अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किए जाने और गोवंश की कथित तौर पर कटाई किए जाने की शिकायत लगातार थाना को मिल रही थी। नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह से सूचना मिलने के बाद टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि मौके पर जिस तरीके से गोवंश को रखा गया था और आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, उससे प्रथम दृष्टया यहां अवैध गतिविधि संचालित होने की आशंका सामने आई है। छापेमारी के दौरान काटने में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का बोटा भी बरामद किया गया है।
दीपक कुमार ने कहा कि गोवंश की अवैध कटाई पूरी तरह कानून के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध गतिविधि का संचालन कौन लोग कर रहे थे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की शिकायतों पर आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Buxar, Buxar | Oct 2, 2026