Public App Logo
Profile Picture

PRO JS Chhatarpur

@projschhatarpur
1679Followers
0Following
गांधी जयंती पर हरपालपुर और चंदला में चला स्वच्छता अभियान

राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने चंदला में किया सामूहिक श्रमदान, सफाई मित्रों का किया सम्मान
--- 
    गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले के हरपालपुर एवं चंदला में विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। चंदला में राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने सामूहिक सफाई अभियान में सहभागिता करते हुए श्रमदान किया और सफाई मित्रों का सम्मान किया। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।
    नगर परिषद चंदला द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर जराऊ माता मंदिर परिसर में सामूहिक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार सहित नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, एसडीएम, तहसीलदार चंदला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई मित्रों ने सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
  इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्वच्छ एवं सुंदर चंदला के निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोगी बताया।
   नगर परिषद द्वारा नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान अथवा कचरा वाहन में ही डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।

हरपालपुर में चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान

   नगर परिषद हरपालपुर द्वारा रेलवे स्टेशन से हरिहर रोड होते हुए सब्जी मंडी से नगर परिषद कार्यालय तक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगरवासियों को स्वच्छता अपनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
 अभियान में नगर परिषद अध्यक्ष अमित अग्रवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नागरिकों से स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए हरपालपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान देने की अपील की गई।
CM Madhya Pradesh 
Dilip Ahirwar 
Department of Forest, Madhya Pradesh 
Jansampark Madhya Pradesh 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
कल महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल गढ़ीमलहरा में लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शिविर

शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर होगा निराकरण, विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की मिलेगी जानकारी
--- 
<nis:link nis:type=tag nis:id=मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान nis:value=मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान nis:enabled=true nis:link/> के अंतर्गत 3 अक्टूबर 2026 को महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल, गढ़ीमलहरा में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निराकरण करेंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
  शिविर के दौरान विभागीय अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण एवं निरीक्षण भी करेंगे। साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई की लंबित शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सेवा मेरा योगदान के तहत आयुष संस्थाओं में मनाया गया स्वच्छता दिवस

स्वच्छता अभियान, श्रमदान, स्वास्थ्य शिविर एवं योग सत्र के माध्यम से दिया स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का संदेश
---
     कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीरजा तिवारी के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान 2026 अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” के तहत जिले की समस्त आयुष संस्थाओं, आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) एवं शासकीय आयुर्वेद औषधालयों में स्वच्छता दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
   कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष संस्थाओं में स्वच्छता शपथ, स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान, स्वास्थ्य शिविर, योग सत्र तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संस्थान परिसरों में साफ-सफाई एवं श्रमदान कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
   इस दौरान ग्राम सभाओं में भी आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी देते हुए आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक किया।
   “सेवा मेरा योगदान” के तहत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
महात्मा गांधी जयंती के साथ सेवा का संकल्प

स्वच्छता ही सेवा के तहत किशोर सागर तालाब में चला महा सफाई अभियान

कई टन कचरे का किया गया एकत्रीकरण एवं उचित निस्तारण, जनप्रतिनिधियों से लेकर सफाई मित्रों तक ने लिया स्वच्छता का संकल्प
-----
  2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर <nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/> अंतर्गत <nis:link nis:type=tag nis:id=स्वच्छता_ही_सेवा nis:value=स्वच्छता_ही_सेवा nis:enabled=true nis:link/> गतिविधियों के तहत नगर पालिका परिषद छतरपुर द्वारा किशोर सागर तालाब क्षेत्र में वृहद महा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।
महा सफाई अभियान के दौरान किशोर सागर तालाब क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। विभिन्न स्थानों से कचरे का एकत्रीकरण कर उसे व्यवस्थित रूप से हटाया गया। अभियान के दौरान कई टन कचरे का एकत्रीकरण कर उचित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया सहभागिता

   अभियान में छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा, स्वच्छता नोडल अधिकारी श्री नितेश चौरसिया, स्वच्छता स्वास्थ अधिकारी श्री संजेश नायक सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, पार्षदगण, नागरिक, नगर पालिका कर्मचारी एवं सफाई मित्रों ने सहभागिता की।
  इस दौरान सभी ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए नागरिकों को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने का संदेश दिया।

स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश

  किशोर सागर तालाब जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल की स्वच्छता के लिए आयोजित इस अभियान ने जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं और स्वच्छता कार्यों में सहयोग प्रदान करे।
Jansampark Madhya Pradesh 
Department of Urban Development & Housing MP 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
तरपेड़ समूह जल प्रदाय योजना का विधायक ललिता यादव ने किया निरीक्षण

दो माह में शेष कार्य पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति शुरू करने के निर्देश
----
छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण परिवारों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा संचालित तरपेड़ समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों का विधायक श्रीमती ललिता यादव ने स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जैतूपुरा स्थित जल शोधन संयंत्र (WTP) एवं बरधवाहा स्थित जल टंकी का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जल निगम के महाप्रबंधक श्री अनमोल कोचर सहित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना की प्रगति एवं शेष कार्यों की जानकारी दी।

दो माह में पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने के निर्देश

विधायक ने WTP सहित शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कर आगामी दो माह में पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने के निर्देश दिए। तरपेड़ योजना के अंतर्गत छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के 104 ग्राम सम्मिलित हैं, जहां योजना पूर्ण होने पर ग्रामीण परिवारों को घर-घर नल से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध होगा।

सड़क मरम्मत कार्य दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश

विधायक ने लंबित रोड मरम्मत संबंधी कार्यों को भी माह दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
Jansampark Madhya Pradesh <nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
Video 5
ललगुवाँ स्कूल में शैक्षणिक गुणवत्ता में लापरवाही पर दो शिक्षकों की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी

कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी ने की अनुशासनात्मक कार्रवाई
--------
खजुराहो में जनविश्वास अभियान अंतर्गत 25 सितंबर 2026 को शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला ललगुवाँ के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में कमी एवं शालेय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर प्राथमिक शिक्षक रागिनी गुप्ता एवं शासकीय माध्यमिक शाला ललगुवाँ की प्राथमिक शिक्षक एवं एफ.एल.एन. प्रभारी सुधा गुप्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान एफ.एल.एन. विद्यार्थियों से साधारण गणितीय योग कराया गया, जिसे कई विद्यार्थी हल नहीं कर सके। दोनों प्रकरणों में शालेय शिक्षक दैनंदिनी में केवल औपचारिक प्रविष्टियां पाई गईं तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता अपेक्षित स्तर की नहीं मिली। शाला परिसर में काई (शैवाल) लगी मिली और विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम पाई गई। निरीक्षण में संबंधित शिक्षकों के शालेय एवं प्रभारित दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता सामने आई।

निरीक्षण में मिली अनियमितताओं के संबंध में दोनों शिक्षकों को 25 सितंबर 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। संबंधित शिक्षकों द्वारा 28 सितंबर 2026 को संकुल प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खजुराहो के माध्यम से प्रस्तुत प्रतिवाद का परीक्षण किया गया, जिसे समाधानप्रद नहीं पाया गया।

एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से बंद

जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.के. रैकवार द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 10 (4) के अंतर्गत प्राथमिक शिक्षक रागिनी गुप्ता एवं प्राथमिक शिक्षक तथा एफ.एल.एन. प्रभारी सुधा गुप्ता की एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से बंद की गई है। साथ ही दोनों शिक्षकों को भविष्य में शासकीय दायित्वों का समुचित निर्वहन करने के लिए सचेत किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
CM Madhya Pradesh 
Jansampark Madhya Pradesh 
Department of School Education, Madhya Pradesh 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजनों के सम्मान एवं कल्याण हेतु कार्यक्रम आयोजित
---------
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर के समीप वरिष्ठजनों के सम्मान एवं कल्याण के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या अग्निहोत्री एवं नगर पालिका परिषद छतरपुर अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री कौशल सिंह, पेंशनर्स एसोसिएशन संघ के पदाधिकारी श्री आर.एस. गोस्वामी, समाजसेवी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
वरिष्ठजनों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक लिया भाग
कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठजनों के लिए विभिन्न इंडोर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके पश्चात वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

*संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति ने मोहा मन*

मंचीय कार्यक्रम के दौरान सत्य शोधन आश्रम छतरपुर की ओर से संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थितजनों द्वारा सराहा गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ भी दिलाई गई।

*शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से वरिष्ठजनों का सम्मान*

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा वरिष्ठजनों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh 
Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh
सेवा संकल्प अभियान 2026

सिंगाड़ी नदी क्षेत्र में चला महासफाई अभियान, 2 टन कचरा किया गया संग्रहित

एक दिन, एक घंटा, एक साथ की भावना के साथ नागरिकों ने निभाई स्वच्छता में जनभागीदारी
--- 
      सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद छतरपुर द्वारा सिंगाड़ी नदी क्षेत्र में विशेष महासफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य नदी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने के साथ ही नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।
  अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया, स्वच्छता नोडल अधिकारी नितेश चौरसिया, पार्षद दिलीप रेकवार, स्वास्थ्य अधिकारी संजेश नायक, स्वास्थ्य निरीक्षक रविन्द्र पाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवियों, सफाई मित्रों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
   सामूहिक श्रमदान एवं जनसहयोग से सिंगाड़ी नदी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान लगभग 2 टन कचरे का संग्रहण किया गया तथा एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
  अभियान के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों एवं नदी क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” की भावना के साथ आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और जनसहयोग का संदेश दिया।
Jansampark Madhya Pradesh 
Department of Urban Development & Housing MP
पीएमश्री एयर एंबुलेंस एवं आयुष्मान कार्ड योजना से 16वीं बार मरीज को निःशुल्क भोपाल किया गया रेफर

कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में अतिगंभीर मरीज को मिली तत्काल एयर एंबुलेंस सुविधा
-------
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन एवं अनुमति के उपरांत जिले के अतिगंभीर मरीजों को उपचार के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ निरंतर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले से अब तक 16 मरीज इस योजना का लाभ ले चुके हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर 29 सितंबर 2026 को जिला अस्पताल छतरपुर में ग्राम गहरवार, विकासखण्ड ईशानगर निवासी 30 वर्षीय रूचि त्रिपाठी पति संदीप त्रिपाठी को प्रसव हेतु भर्ती कराया गया था। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि खरे द्वारा मरीज का परीक्षण किया गया। प्रसव के पश्चात मरीज की स्थिति PPH with Shock with Septicemia के कारण गंभीर होने लगी।

डॉ. शरद चौरसिया द्वारा मरीज की गंभीर स्थिति से सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता को अवगत कराया गया। जिला अस्पताल की टीम, सिविल सर्जन, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं सीएमएचओ द्वारा मरीज को उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर करने का निर्णय लिया गया। मरीज आयुष्मान कार्डधारी होने के कारण चिरायु मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भोपाल में उपचार के लिए रेफर किया गया।

कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में सीएमएचओ द्वारा तत्काल एयर एंबुलेंस के लिए जरूरी प्रक्रिया की गई। मरीज को जिला अस्पताल की टीम एवं सिविल सर्जन के सहयोग से 108 एंबुलेंस द्वारा खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से भोपाल भेजा गया। भोपाल एयरपोर्ट से 108 एंबुलेंस द्वारा मरीज को चिरायु मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

मरीज को समय पर उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने में सिविल सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल की टीम, 108 एंबुलेंस टीम, प्रेम सिंह स्टेनो कलेक्टर, शशांक निगम टेक्निकल टीम एवं कपिल डाबर, सीएमएचओ कार्यालय का सहयोग सराहनीय रहा।
CM Madhya Pradesh 
Jansampark Madhya Pradesh 
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
वरिष्ठजनों और नई पीढ़ी के बीच जुड़ाव बढ़ाने का संदेश बना ‘इंटर-जेनरेशन बॉन्डिंग’ कार्यक्रम

नृत्य-नाटिका, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भाषणों ने बांधा समां, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
-
    सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय भोपाल के निर्देशानुसार अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत स्टेट एक्शन प्लान सीनियर सिटीजन वर्ष 2026-27 के तहत ‘इंटर-जेनरेशन बॉन्डिंग एक्टिविटीज’ कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स के पास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों और नई पीढ़ी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना और परिवार में बुजुर्गों के सम्मान एवं देखभाल का संदेश देना रहा।
  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव रहीं। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री कौशल सिंह, पेंशन एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष श्री आर.एस. गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
  कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद ब्रह्माकुमारी आश्रम संस्था द्वारा वरिष्ठजनों को समर्पित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। संस्था की दूसरी नृत्य-नाटिका ने समाज के सभी वर्गों को वरिष्ठजनों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। निर्वाणा फाउंडेशन के बच्चों ने शास्त्रीय गीत एवं भजन की प्रस्तुति दी। भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और अतिथियों ने कलाकारों की सराहना की। 
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के श्रेयांस एवं उन्जेला खान ने भाषण प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। 
  मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों और नाती-पोतों के बीच की दूरी कम करने का सुंदर प्रयास किया गया है। उन्होंने वरिष्ठजनों के परिजनों से अपील की कि वे घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के 8 एवं हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के 3 विद्यार्थियों को भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थितजनों को वरिष्ठजनों के सम्मान एवं देखभाल से संबंधित शपथ दिलाई गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
आधार में गलत जन्मतिथि की समस्या लेकर पहुंचा 15 वर्षीय अनुराग, जनसुनवाई में हुआ निराकरण

300 आवेदनों पर हुई सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश
---- 
   कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम श्री विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अनुभागों के एसडीएम एवं तहसीलदार भी जुड़े।
  जनसुनवाई में छतरपुर निवासी 15 वर्षीय अनुराग पाल अपने अभिभावक के साथ पहुंचा। अनुराग के आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत दर्ज होने की समस्या पर जिला पंचायत सीईओ ने उसकी सुनवाई करते हुए डीईजीएम को संबंधित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात अनुराग के आधार जन्मतिथि में सुधार कर जनसुनवाई में आधार कार्ड सौंपा गया। इस दौरान अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
  जनसुनवाई में कुल 300 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें शिक्षा, राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, ग्रामीण विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, खाद्य, आदिम जाति कल्याण, श्रम, सामाजिक न्याय एवं महिला-बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। अधिकारियों द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं की अलग से सुनवाई कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रकरणों के निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
<nis:link nis:type=tag nis:id=jansamparkmp nis:value=jansamparkmp nis:enabled=true nis:link/>
केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित अन्य परियोजनाओं के 117 प्रभावित हितग्राहियों को 3.25 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा स्वीकृत

कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने पूर्व पारित अवार्ड के तहत 3 करोड़ 25 लाख 42 हजार 404 रुपये की राशि की स्वीकृति दी
--- 
     केन-बेतवा लिंक परियोजना एवं अन्य परियोजनाओं के प्रभावित हितग्राहियों को राहत प्रदान करते हुए कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने पूर्व पारित अवार्ड के तहत 117 हितग्राहियों के लिए कुल 3 करोड़ 25 लाख 42 हजार 404 रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की है।
 स्वीकृत मुआवजा राशि विभिन्न ग्रामों के प्रभावित हितग्राहियों को प्रदान की जाएगी। इनमें ग्राम टिकुरी के 2 हितग्राहियों के लिए 33 लाख 2 हजार 552 रुपये, पीरा के 3 हितग्राहियों के लिए 13 लाख 68 हजार 285 रुपये, खरयानी के 45 हितग्राहियों के लिए 91 लाख 21 हजार 693 रुपये, कर्री के 9 हितग्राहियों के लिए 32 लाख 50 हजार 293 रुपये तथा सिलावट के 33 हितग्राहियों के लिए 68 लाख 47 हजार 168 रुपये सहित लवकुशनगर के 25 हितग्राहियों के लिए 86 लाख 52 हजार 413 रुपये की राशि शामिल है।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
सीवियर एनीमिया एवं स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर

एएनसी जांच, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं ई-केवायसी में प्रगति बढ़ाने के निर्देश

कम प्रगति वाले बीएमओ एवं बीपीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

सार्थक पोर्टल की उपस्थिति के आधार पर ही होगा वेतन भुगतान, लापरवाही पर वेतन कटौती की कार्रवाई

कार्य में लापरवाही पर एएनएम एवं सीएचओ को सेवा समाप्ति संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश

सीलोन में चिकित्सक की लगातार अनुपस्थिति पर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश

लापरवाह आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में होगी कटौती, सीडीपीयू को कारण बताओ नोटिस

कार्य में सुधार नहीं होने पर सुपरवाइजरों को हटाने की कार्रवाई के निर्देश
--------
कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता सहित बीएमओ, डॉक्टर्स, महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा सीडीपीयू उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने सीवियर एनीमिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। छतरपुर अर्वन (ईशानगर) में किए गए कार्य का ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए। एएनसी जांच में कम प्रगति एवं एंट्री में लापरवाही पाए जाने पर बड़ामलहरा, बिजावर एवं बक्सवाहा के बीएमओ और बीपीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सभी पैरामीटर पर कार्य संतोषजनक नहीं है, वहां की एएनएम एवं सीएचओ को सेवा समाप्ति संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। ईशानगर में सबसे कम हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं को प्रसव उपरांत मिलने वाली शासकीय योजनाओं के लाभ की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ई-केवायसी से एक भी महिला वंचित न रहे। सभी बीएमओ को शत-प्रतिशत ई-केवायसी कराने के निर्देश दिए गए। अनमोल एवं यूविन पोर्टल पर एंट्री की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए, जिससे पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध जानकारी दर्ज हो सके। कलेक्टर ने एनसीडी स्क्रीनिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
Jansampark Madhya Pradesh
आंगन से मिलन कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा—सभी का पोषण सुनिश्चित हो

31 बच्चों एवं 17 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से किया संवाद
-------
छतरपुर जिले में <nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/> अंतर्गत आंगन से मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण के द्वितीय दिवस 27 सितंबर को महिला एवं बाल विकास परियोजना छतरपुर ग्रामीण के मातगुवां क्षेत्र के आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

ग्राम मातगुवां के आंगनवाड़ी केन्द्र में कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

द्वितीय दिवस की थीम बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमयी गतिविधि रही। बच्चों द्वारा गीत एवं कहानी सहित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।

मातगुवां क्षेत्र के चार आंगनवाड़ी केन्द्रों के संयुक्त स्वास्थ्य शिविर में 31 बच्चों एवं 17 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वीडियो संदेशों का प्रसारण भी किया गया।

केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे, गर्भवती एवं धात्री महिला को उचित पोषण आहार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बच्चों के वजन की नियमित निगरानी तथा आवश्यकता अनुसार एनआरसी में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परामर्श एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

केन्द्रीय मंत्री ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम एवं महिला पर्यवेक्षक को सम्मानित किया गया। साथ ही गर्भवती माताओं एवं विभिन्न योजनाओं की हितग्राहियों का भी सम्मान किया गया।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/> Jansampark Madhya Pradesh Social Justice & Disabled Welfare Department, MP
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया

लगातार वर्षा के चलते विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए रहेगा अवकाश

शिक्षक पूर्ववत विद्यालय में उपस्थित होकर करेंगे कार्य, सीएम हेल्पलाइन एवं कर्मचारी समस्या समाधान शिविर यथावत संचालित होगा
------
छतरपुर जिले में लगातार हो रही वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए 26 सितंबर 2026 को जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी निर्देश के अनुसार 26 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा, जबकि शिक्षकगण पूर्ववत अपने विद्यालय में उपस्थित होकर शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक कार्य संपादित करेंगे। अपरिहार्य कारणों से किसी शिक्षक के विद्यालय नहीं पहुंच पाने की स्थिति में संकुल प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उपस्थिति का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत संबंधित शिक्षक की उपस्थिति मान्य की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन एवं कर्मचारी समस्या समाधान शिविर यथावत

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं कर्मचारी समस्या समाधान शिविर का आयोजन 26 एवं 27 सितंबर 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित रहेगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संबंधित कर्मचारी तथा समस्या समाधान से संबंधित शिकायतकर्ता जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही में सहभागिता करेंगे।
Chief Minister, MP 
School Education Department, MP
Jansampark Madhya Pradesh 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
महाराजपुर में एफएलएन कार्य में लापरवाही पर दो प्राथमिक शिक्षकों की वार्षिक वेतनवृद्धि बंद

कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशों के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रैकवार ने जारी किए आदेश

शैक्षणिक गुणवत्ता में कमी एवं कर्तव्यों के समुचित निर्वहन में लापरवाही पर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई
--------
कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशों के पालन में जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता एवं एफएलएन गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर के भ्रमण के दौरान शासकीय एकीकृत कन्या माध्यमिक शाला महाराजपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाला में एफएलएन गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में कमियां पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान पुष्पा चौरसिया, प्राथमिक शिक्षक, अपनी निर्धारित कक्षा में कक्षाध्यापन कराते हुए नहीं पाई गईं तथा अन्य कक्षा में उपस्थित थीं। उनके समक्ष कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों से एफएलएन अंतर्गत सामान्य गणितीय योग 680+50 हल कराया गया, जिसे एक भी विद्यार्थी हल नहीं कर पाया। साथ ही उनकी शिक्षक दैनंदिनी में केवल औपचारिक प्रविष्टियां पाई गईं तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता अपेक्षानुरूप नहीं मिली।
इसी प्रकार निरीक्षण के दौरान  गीता चौरसिया, प्राथमिक शिक्षक, कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों का संयुक्त कक्षाध्यापन कराती हुई पाई गईं। इस दौरान विद्यार्थियों से उनके समक्ष सामान्य गणितीय योग 500+30 हल कराया गया, जिसे एक भी विद्यार्थी हल नहीं कर पाया। जबकि शालेय समय-सारिणी के अनुसार उक्त कालखण्ड में पुष्पा चौरसिया का कक्षाध्यापन निर्धारित था।
निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में दोनों शिक्षकों को 18 सितंबर 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। दोनों द्वारा 21 सितंबर 2026 को प्रस्तुत लिखित प्रतिवाद एवं समर्थित अभिलेखों का परीक्षण किया गया, जिसे समाधानप्रद नहीं पाया गया।
प्रकरण में कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशों के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रैकवार द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10(4) के अंतर्गत पुष्पा चौरसिया एवं गीता चौरसिया, दोनों प्राथमिक शिक्षकों की एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=jansamparkmp nis:value=JansamparkMP nis:enabled=true nis:link/>
<nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/> 2026

वृद्ध सेवा आश्रम में 29 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण

अभियान के तहत आयुष विभाग ने स्वास्थ्य जांच के साथ योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
--- 
   सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत “विजिट टू ऑर्फनेज/ओल्ड एज होम” कार्यक्रम के क्रम में आयुष विभाग, जिला छतरपुर द्वारा दर्शना समूह द्वारा संचालित दर्शना वृद्ध सेवा आश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
   कार्यक्रम कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीरजा तिवारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. नितिन पांडेय के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
  कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनंतराम अहिरवार एवं डॉ. भरत पटेल द्वारा वृद्ध सेवा आश्रम में उपस्थित 11 महिला एवं 18 पुरुष, कुल 29 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी का हीमोग्लोबिन (एचबी), रक्तचाप (बीपी) एवं रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
  स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत आवश्यकता के अनुसार औषधियों का वितरण भी किया गया। इस दौरान वृद्धजनों को योगाभ्यास, नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग एवं आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
  कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
LIVE: बीएचईएल, दशहरा मैदान, भोपाल में आयोजित 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' अंतर्गत सावर्जनिक यात्री बसों के संचालन का शुभारंभ कार्यक्रम
<nis:link nis:type=tag nis:id=मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान nis:value=मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान nis:enabled=true nis:link/> अंतर्गत खजुराहो में शिविर का आयोजन हुआ

विधायक राजनगर ने हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से पीएम आवास की किश्त अंतरित की

विधायक, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने हितलाभ वितरित किए
------
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत खजुराहो के टूरिस्ट विलेज में समस्या निवारण एवं हितलाभ वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक राजनगर श्री अरविंद पटेरिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री अरुण अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्री मृणाल मीना, एसपी श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में कलेक्टर मृणाल मीना ने आमजन से प्राप्त समस्याओं एवं शिकायतों को सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक राजनगर श्री अरविंद पटेरिया द्वारा नगर परिषद खजुराहो के 174 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। इसके साथ ही अनुग्रह सहायता के 5 हितग्राहियों, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं के 3 हितग्राहियों, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 6 हितग्राहियों, आयुष्मान योजना के 6 हितग्राहियों एवं पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के 12 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ प्रदान किया गया।

विधायक राजनगर द्वारा शिविर में उपस्थित आमजन को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पात्रता के संबंध में जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की गई।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पिछले दो दिनों में आयोजित प्री-कैम्प में प्राप्त आवेदनों तथा शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों में से तत्काल निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि विगत एक सप्ताह में अभियान के तहत टीम द्वारा क्षेत्र में लगभग 7 हजार आवेदनों का निराकरण किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
<nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/> में हितग्राहियों, विकास और प्रेरणादायक कहानियां लोगों जानेंगे

अंधेरा मिटता नहीं है, मिटाना पड़ता है, बुझे चिराग को फिर से जलाना पड़ता है

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम ने सटई संकुल में जगाई साक्षरता की अलख

रामस्वरूप जाटव के प्रयासों से सामाजिक चेतना केंद्र और 6 आदर्श केंद्र हुए सक्रिय
--- 
    सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘कहानी बदलाव की’ पहल के माध्यम से जिले में विकास, प्रेरणा और सफलता की ऐसी कहानियां जन-जन तक पहुंचाई जा रही हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की मिसाल बन रही हैं। ऐसी ही प्रेरक कहानी जनपद शिक्षा केंद्र बिजावर के संकुल सटई की है, जहां उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की रोशनी पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

संकुल सटई के खरयानी, पलकौंहा, ढोंडन, मैनारी और सुकवाहा जैसे सुदूर एवं कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में ग्रामीणों को साक्षरता से जोड़ना चुनौतीपूर्ण था। संकुल सह-समन्वयक रामस्वरूप जाटव ने जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र कुमार निगम एवं जिला सह-समन्वयक शफीक अहमद के मार्गदर्शन में इस चुनौती को अवसर में बदला। उन्होंने ग्राम प्रभारियों के साथ बैठकें कीं, छात्रों एवं ग्रामीणों के सहयोग से जागरूकता रैलियां निकालीं और दीवार लेखन के माध्यम से साक्षरता का संदेश घर-घर पहुंचाया। उनके प्रयासों से ग्रामीणों में पढ़ने-लिखने के प्रति रुचि बढ़ी और साक्षरता केंद्रों से जुड़ाव मजबूत हुआ।

नवाचार से आसान हुई सीखने की राह

   असाक्षर वयस्कों को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाने के लिए रामस्वरूप जाटव ने अपने निजी व्यय से विशेष टीचिंग-लर्निंग मटेरियल (TLM) तैयार किए। चित्रमय पाठ्य सामग्री और शिक्षण चार्ट के माध्यम से जोड़-घटाव, अंक पहचान और शब्द ज्ञान जैसी बुनियादी बातें आसानी से समझाई जाने लगीं।
उनके इस नवाचार को जिला शिक्षा केंद्र छतरपुर द्वारा 26 जनवरी 2025 को आयोजित गणतंत्र दिवस प्रदर्शनी में भी स्थान दिया गया। प्रदर्शनी में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी द्वारा उनके प्रयासों की विशेष सराहना की गई।

35 चेतना केंद्रों में जल रही साक्षरता की लौ

  लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है कि आज संकुल सटई में 35 सामाजिक चेतना केंद्र और 6 आदर्श सामाजिक चेतना केंद्र सक्रिय रूप से संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों पर स्थानीय ‘अक्षर साथी’ ग्रामीणों को साक्षर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बरयापुरा में वर्षा जाटव, पुनगुवां में कविता यादव, सटई वार्ड क्रमांक-08 में राज जाटव, नदगांय खुर्द में प्रियंका अनुरागी, कसार में तुलसीदास प्रजापति और मैनारी में बबलू गौंड सहित अन्य अक्षर साथी निरंतर सेवा दे रहे हैं।

एक प्रयास, जो बदलाव की मिसाल बना

   रामस्वरूप जाटव बताते हैं कि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम ने उन्हें समाज के उन लोगों तक पहुंचने का अवसर दिया, जो शिक्षा की मुख्यधारा से दूर रह गए थे। उनका मानना है कि अशिक्षा के अंधकार को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास, जनसहयोग और संवेदनशील पहल जरूरी है।

सटई संकुल की यह कहानी बताती है कि बदलाव के लिए बड़े संसाधनों से अधिक जरूरी है एक मजबूत संकल्प। एक व्यक्ति की पहल जब जनसहयोग से जुड़ती है, तो साक्षरता की एक छोटी-सी लौ भी अनेक घरों को रोशन कर सकती है।
Jansampark Madhya Pradesh 
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
Video 21
<nis:link nis:type=tag nis:id=सेवा_संकल्प_अभियान nis:value=सेवा_संकल्प_अभियान nis:enabled=true nis:link/> 2026

खजुराहो में जन-जल सेवा संकल्प के तहत ननौरा तालाब में स्वच्छता एवं जल संरक्षण गतिविधियां

ननौरा तालाब का ‘नमो तालाब’ के रूप में नामकरण, 25 पौधों का किया गया रोपण
--- 
    प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से प्रारंभ जन-जल सेवा संकल्प के अंतर्गत खजुराहो में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में खजुराहो के ननौरा तालाब में सांसद खजुराहो श्री विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में बाइक यात्रा में शामिल प्रतिभागियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की गई तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
   ननौरा तालाब के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत घाटों के विकास, प्रकाश व्यवस्था, पाथवे एवं पौधरोपण सहित विभिन्न कार्य किए गए हैं। स्थानीय नागरिकों की मांग पर इस अवसर पर ननौरा तालाब का नामकरण ‘नमो तालाब’ के रूप में किए जाने की घोषणा की गई।
   कार्यक्रम के दौरान केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में होने वाले संभावित विकास एवं सिंचाई संबंधी लाभों पर आधारित लगभग 12 मिनट की लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन की थीम के अनुरूप 25 पौधों का रोपण किया गया।
  इस अवसर पर सांसद श्री शर्मा ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल एवं विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव की संभावनाएं हैं।
  कार्यक्रम में तालाब की स्वच्छता एवं संरक्षण में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सांसद श्री शर्मा ने तालाब में नौकायन भी किया तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वच्छता एवं तालाब संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण एवं स्वच्छता पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करने में सहायक है।
  इससे पूर्व खजुराहो की पुरानी बस्ती में घंटाई मंदिर के समीप जन चौपाल का आयोजन किया गया। 
  कार्यक्रम में राजनगर विधायक श्री अरविंद पटेरिया, नगर परिषद खजुराहो अध्यक्ष श्री अरुण कुमार अवस्थी, नगर परिषद सीएमओ श्री बसंत चतुर्वेदी सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=jansamparkmp nis:value=JansamparkMP nis:enabled=true nis:link/>
आयुर्वेद दिवस पर पूजन, स्वास्थ्य परीक्षण और योगाभ्यास से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

1593 लोगों ने लिया आयुष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं शासकीय आयुर्वेद औषधालयों सहित अन्य संस्थाओं में गतिविधियां आयोजित
--- 
    11 वें आयुर्वेद दिवस 2026 के अवसर पर कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीरजा तिवारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. नितिन पांडेय के पर्यवेक्षण में जिला आयुष विभाग द्वारा जिले के विभिन्न आयुष संस्थानों में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
  इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी कार्यालय, जिला आयुर्वेद चिकित्सालय, आयुष विंग खजुराहो, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं शासकीय आयुर्वेद औषधालयों में भगवान धन्वन्तरि का विधिवत पूजन एवं आराधना की गई। कार्यक्रमों के माध्यम से आयुर्वेद की भारतीय चिकित्सा परंपरा एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।
  कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य परामर्श, आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण, योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही बच्चों एवं विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व, भारतीय चिकित्सा परंपरा एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
  आयोजित स्वास्थ्य शिविरों एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कुल 1593 रोगियों एवं लाभार्थियों को आयुष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इनमें 690 महिलाएं एवं 903 पुरुष शामिल रहे।
  जिला आयुष विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य जनसामान्य में आयुर्वेद एवं समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
<nis:link nis:type=tag nis:id=chhatarpur nis:value=chhatarpur nis:enabled=true nis:link/>
Video 24