आधार में गलत जन्मतिथि की समस्या लेकर पहुंचा 15 वर्षीय अनुराग, जनसुनवाई में हुआ निराकरण
300 आवेदनों पर हुई सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश
----
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम श्री विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अनुभागों के एसडीएम एवं तहसीलदार भी जुड़े।
जनसुनवाई में छतरपुर निवासी 15 वर्षीय अनुराग पाल अपने अभिभावक के साथ पहुंचा। अनुराग के आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत दर्ज होने की समस्या पर जिला पंचायत सीईओ ने उसकी सुनवाई करते हुए डीईजीएम को संबंधित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात अनुराग के आधार जन्मतिथि में सुधार कर जनसुनवाई में आधार कार्ड सौंपा गया। इस दौरान अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
जनसुनवाई में कुल 300 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें शिक्षा, राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, ग्रामीण विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, खाद्य, आदिम जाति कल्याण, श्रम, सामाजिक न्याय एवं महिला-बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। अधिकारियों द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं की अलग से सुनवाई कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रकरणों के निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
#jansamparkmp
103 views | Chhatarpur, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026