*जनता दरबार में 68 आवेदनों पर हुई सुनवाई, संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश*
भागलपुर, 05 अक्टूबर 2026।
“सात निश्चय-3” के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी, भागलपुर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में आमजनों से प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में कुल 68 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें सर्वाधिक आवेदन भूमि विवाद से संबंधित थे। इसके अतिरिक्त लंबित पेंशन, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, खनन विभाग, जे.पी. आंदोलन के तहत जे.पी. सम्मान योजना, बैंकिंग, भू-अर्जन एवं चिकित्सा विभाग सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
सुनवाई के क्रम में कहलगाँव प्रखंड के शिवनारायणपुर निवासी शेख हमीद, चौकीदार द्वारा ए.सी.पी. का लाभ प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा मामले को आवश्यक कार्रवाई एवं निष्पादन हेतु जिला सामान्य शाखा, भागलपुर को अग्रसारित किया गया।
वहीं, सुलतानगंज प्रखंड निवासी श्री सुशील कुमार द्वारा भू-अर्जन से संबंधित मामले को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। मामले को संबंधित कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
गोपालपुर, नवगछिया निवासी श्रीमती गुड़िया देवी द्वारा संबंधित कार्यालय में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य नहीं किए जाने की शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी द्वारा भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, नवगछिया एवं अंचलाधिकारी, गोपालपुर को मामले की जाँच कर एक सप्ताह के अंदर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों एवं कार्यालय प्रधानों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता, श्री राकेश रंजन, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सदर, श्री अशोक कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर, श्रीमती अपेक्षा मोदी, प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन शिकायत कोषांग, भागलपुर, श्रीमती सुभाषिनी प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, श्री चंदन कुमार, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary