बयाना में राधा नाम लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान, भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
बयाना। श्री राधा रानी कीर्तन संस्था, बयाना की ओर से आयोजित राधा नाम लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान समारोह लक्ष्मी पैलेस मैरिज होम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बयाना-रूपबास विधायक डॉ. ऋतु बनावत मुख्य अतिथि रहीं, जबकि नगर पालिका की नवनियुक्त अध्यक्ष उषा अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि तथा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों ने श्री राधा रानी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद रुदावल से पधारे श्री राधा रानी कीर्तन संस्था के भजन गायकों ने राधा-कृष्ण के भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
राधा नाम लेखन प्रतियोगिता में ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल की छात्रा गौरी सैनी ने 2101 बार राधा नाम लिखकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं होली एंजेल्स पब्लिक स्कूल की छात्रा अनुष्का ने 1947 बार राधा नाम लेखन कर द्वितीय तथा ऑक्सफोर्ड कॉन्वेंट स्कूल के छात्र देवेंद्र ने 1941 बार राधा नाम लिखकर तृतीय स्थान हासिल किया।
सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पटका पहनाकर तथा श्री राधा रानी का छायाचित्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों को रचनात्मक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संस्था संयोजक राजेश गोयल ने बताया कि बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत को कम करने, लेखन के प्रति एकाग्रता बढ़ाने, आध्यात्मिक संस्कार विकसित करने तथा उन्हें धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से राधा अष्टमी के अवसर पर यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
समारोह में प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग करने वाले विभिन्न शिक्षण संस्थानों के करीब एक दर्जन संस्था प्रधानों एवं वीक्षकों को भी श्री राधा रानी का छायाचित्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर राजू भारद्वाज, सुरेंद्र जांगिड़, राजू गुरुजी, मुकेश सिंघल, अनुपम शर्मा, धर्मेंद्र राजपूत, हेमंत मंगल, अतेंद्र शर्मा, राकेश गोयल, प्रदीप आर्य, वेद प्रकाश सैनी, मोहन इंदोलिया, हुकुम सिंह गुर्जर, अमर सिंह खटका, राजेंद्र पाल रावत, विवेक सिंघल, धर्मेंद्र मंगल, प्रेम पाराशर, रेनू मिश्रा, बबिता जैन, प्रीति मंगल, भावना गुप्ता, बबीता सैनी, मीनाक्षी उपाध्याय और कीर्ति शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे।
Weir, Bharatpur | Sep 29, 2026