समीरपुर पंचायत के विकास पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार अपनी सरकार की गारंटियों का हिसाब दें : भाजपा
समीरपुर
समीरपुर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस के एक स्थानीय नेता द्वारा विधायक की मौजूदगी में दिए गए बयान पर भाजपा नेताओं जिला महामंत्री अजय रिंटू शर्मा, जिला उपाध्यक्ष चमन ठाकुर, जिला प्रवक्ता विनोद ठाकुर तथा समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर लबली ने कड़ा पलटवार किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार को जनता को गुमराह करने वाली बयानबाजी करने के बजाय अपनी सरकार की गारंटियों का हिसाब देना चाहिए। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की चुनावी गारंटियों का धरातल पर क्या परिणाम निकला है, यह जनता जानना चाहती है। पंचायत के विकास पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपनी सरकार के वादों की प्रगति और उनकी वर्तमान स्थिति पर जवाब देना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि समीरपुर पंचायत में प्रदेश का नंबर-1 प्राथमिक स्कूल तथा मॉडल भवन के रूप में पहचान बना चुकी स्कूल बिल्डिंग मौजूद है, जहां दूसरी पंचायतों से भी बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। पंचायत में मिनी सचिवालय का बहुउद्देशीय भवन, लोक निर्माण विभाग की सब-डिवीजन, आयुर्वेदिक चिकित्सालय, पशु अस्पताल, आईटीआई और सीबीएसई पाठशाला जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं मौजूद हैं। पंचायत का प्रत्येक गांव पक्की सड़क से जुड़ा हुआ है और हर घर को नल के माध्यम से पेयजल सुविधा उपलब्ध है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जब पंचायत में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाएं मौजूद हैं, तो विकास नहीं होने का दावा करना तथ्यों की अनदेखी है। कांग्रेस विधायक और उनके नेताओं को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर अपनी सरकार की गारंटियों तथा भोरंज विधानसभा क्षेत्र में किए गए कार्यों का ठोस हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। जनता अब आपकी लपटनबाज़ियाँ नहीं, बल्कि आपकी सरकार के वादों का वास्तविक क्रियान्वयन देखना चाहती है।