बन्नी माता मंदिर में एनएसएस स्वयंसेवियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, धार्मिक आस्था के साथ दिया सामाजिक सेवा का संदेश
मांधा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में चल रहे सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों ने बन्नी माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और इसके बाद मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में वृहद सफाई अभियान चलाया। कार्यक्रम प्रधानाचार्या सुचित्रा गुलेरिया की अध्यक्षता में तथा कार्यक्रम अधिकारी सुभाष शर्मा और कामिनी शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
NSS कार्यक्रम अधिकारी एवं हिंदी प्रवक्ता सुभाष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत बन्नी माता मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और स्वच्छता अभियान के साथ हुई। स्वयंसेवियों ने मंदिर में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद स्वयंसेवियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संकल्प को दोहराते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
इस दौरान स्वयंसेवियों ने भजन-कीर्तन में भी भाग लिया और धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। कार्यक्रम अधिकारी सुभाष शर्मा ने कहा कि स्वयंसेवियों ने केवल सफाई अभियान तक ही अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि लोगों को धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं और इन्हें स्वच्छ रखना सभी का नैतिक दायित्व है।
मंदिर परिसर में बच्चों द्वारा चलाए गए सफाई अभियान की मंदिर कमेटी ने सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वयंसेवियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम अधिकारी सुभाष शर्मा ने स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों में सहयोग करने की अपील की।