राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में एनएसएस शिविर का भव्य शुभारंभ
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो मांधा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वकील राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एसएमसी उपाध्यक्ष अनीता कुमारी तथा सदस्य सरोज कुमारी और गगन कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या सुचित्रा गुलेरिया ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्या द्वारा दीप प्रज्वलित करने तथा एनएसएस लक्ष्य गीत के साथ किया गया। मुख्य अतिथि वकील राम ने स्वयंसेवकों को शिविर के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं में अनुशासन, निस्वार्थ सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के दौरान सीखे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज सुधार में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या सुचित्रा गुलेरिया ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना ही सच्ची शिक्षा है। एनएसएस शिविर विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रवक्ता हिंदी सुभाष शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिविर में कक्षा 12वीं के 25 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं और यह शिविर 1 से 7 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल एक मंच नहीं, बल्कि समाज के प्रति नैतिक जिम्मेदारियां निभाने का संस्कार है।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवक स्वच्छता अभियान, साक्षरता जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मूल मंत्र “मैं नहीं, बल्कि आप” स्वयंसेवकों को स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज सेवा की प्रेरणा देता है।
शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों ने एनएसएस के ध्येय वाक्य को दोहराते हुए समाज सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सुभाष शर्मा ने सभी अतिथियों, स्टाफ एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और स्थानीय लोगों से शिविर की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।