भटवाड़ा में युवा संवाद कार्यक्रम, सचिन ठाकुर ने सुनीं युवाओं और ग्रामीणों की समस्याएं
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो धरवाला
युवा कांग्रेस नेता सचिन ठाकुर ने विधानसभा क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत भटवाड़ा में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान श्रवण (सैवी) सहित पंचायत प्रतिनिधि, युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।
सचिन ठाकुर ने कहा कि युवा संवाद का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं और आमजन की समस्याओं को समझना तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार और शिक्षा ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाना चाहता है। कांग्रेस युवाओं को साथ लेकर जनहित और विकास की राजनीति को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भटवाड़ा पंचायत से जुड़े विभिन्न मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लोगों ने विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा, जिन पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की गई। सचिन ठाकुर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की विचारधारा से जुड़कर जनसेवा, सामाजिक न्याय और क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को संगठन में आगे बढ़ने और नेतृत्व करने के अवसर प्रदान कर रही है।
सचिन ठाकुर ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए APMC चंबा के चेयरमैन एवं उनके पिता ललित ठाकुर के माध्यम से हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीति और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की आवश्यकता है।
इस दौरान स्थानीय विकास एवं अन्य विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा के साथ-साथ पौधारोपण भी किया गया। सचिन ठाकुर ने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने, पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और कांग्रेस के जनसरोकारों से जुड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।