Public App Logo
डेंगू की रोकथाम व नियंत्रण के लिए शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में चलाया जा रहा "जीरो लार्वा" अभियान 8 शासकीय कार्यालयों/संस्थानों में 165 वॉटर कंटेनरों में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे, 25 कंटेनरों में मिले लार्वा का किया गया नष्टीकरण ========================================================== डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में माह अगस्त के अंतर्गत “जीरो लार्वा अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आज स्वास्थ्य विभाग के 2 दलों द्वारा जिले के शहरी क्षेत्र अंतर्गत शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया। अभियान के अंतर्गत आज कुल 8 कार्यालयों/संस्थान परिसरों में 165 वॉटर कंटेनर—कूलर, फ्रिज, सीमेंट टांके, सिंटेक्स टैंक, फाउंटेन, अनुपयोगी बर्तन एवं टायर्स में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया। कुल 25 कंटेनरों में पाए गए लार्वा का नष्टीकरण किया गया। सर्वे एनसीसी कार्यालय परिसर, पीडब्ल्यूडी परिसर, डब्ल्यूसीएल परिसर, डीआईजी कार्यालय परिसर, पुरुष आईटीआई, महिला आईटीआई परिसर एवं सेल टैक्स ऑफिस सहित कार्यालयों में किया गया। इसके साथ ही कन्या शिक्षा परिसर के आवासीय शबरी आश्रम में 102 छात्राओं की मलेरिया जांच की गई, जिसमें सभी छात्राएं नेगेटिव पाई गईं। स्वास्थ विभाग ने बताया कि ब्लॉक हर्रई एवं ब्लॉक तामिया के मलेरिया उच्च जोखिम वाले कुल 41 ग्रामों में घरों के अंदर कीटनाशक का छिड़काव कार्य प्रारंभ है। ग्राम पिपरधार, घटलिंगा, भैंसखोव, चटनी, धनखुदरा एवं चिखला में कीटनाशक छिड़काव पूर्ण हो चुका है। कल ग्राम अतरिया एवं ग्राम चकरपाठ में घरों के अंदर दीवारों एवं छतों पर कीटनाशक छिड़काव कार्य किया जाएगा। जनसमुदाय से अपील है कि अपने घरों में छिड़काव अवश्य करवाएं एवं छिड़काव दल का आवश्यक सहयोग करें। स्वास्थ विभाग ने संस्थाओं से अपील की है कि अपने कार्यालय के सभी पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज, टांके-टंकियां, टायर एवं डिस्पोजल्स को प्रति सप्ताह किसी कर्मचारी से जांच करवाएं कि उनमें एडीज मच्छर के लार्वा तो नहीं पनप रहे हैं। उन्हें खाली करने अथवा पानी के बड़े कंटेनर, जिनकी सफाई एवं ढांकना संभव न हो, उनमें प्रति सप्ताह मीठा तेल डालने के लिए कहा गया है। तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों में दर्द, जोड़ों में दर्द, नाक एवं मसूड़ों से रक्तस्राव होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें तथा डेंगू की जिला चिकित्सालय/छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू एलिसा टेस्ट निःशुल्क करवाएं। इस प्रकार जिले में डेंगू के संचरण के प्रसार को समाप्त/कम करने में सहयोग करें। लार्वा सर्वे दल में सर्विलांस निरीक्षक श्री धीरज सारवन, श्री देव खरे, श्री चंद्रशेखर कराड़े, श्री गोपाल धुर्वे, श्री माधव कुरेती, श्री शाहिद सिद्दीकी, श्रीमती रोशनी माराफे, श्री बारीक राम बावरकर एवं श्री जानराव मर्सकोले शामिल थे। - Chhindwara News