ग्राम पंचायत पिपरिया खाती में नवांकुर सखियों को पौधा वितरण कर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
============================================================
म.प्र.जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं चौरई विकासखंड समन्वयक सुश्री अफ़सा खान की उपस्थिति में विकासखंड चौरई की ग्राम पंचायत पिपरिया खाती में हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए नवांकुर सखियों को पौधा वितरण कर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया, जिसमें आम, अमरूद, इमली, जामुन, तुलसी, नींबू एवं आंवला के पौधे प्रमुख थे। उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया, ताकि आने वाली पीढ़ी को संकट से बचाया जा सके। सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा हर विशेष अवसर पर पौधारोपण करने का आह्वान किया गया, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री मेघराज रघुवंशी ने कहा कि हमें संगठित होकर पौधे लगाने की आवश्यकता है, ताकि हमारा पर्यावरण संतुलन बना रहे। ब्लॉक समन्वयक सुश्री अफ़सा खान ने कहा कि जिस तरह एक मां अपने बच्चों का ख्याल रखती है और उनकी हर जरूरत पूरी करती है, उसी तरह नवांकुर सखी भी आज से प्रण लें कि अपने पौधे के बड़ा होने तक मां की तरह उसका ख्याल रखेंगी।
बच्चों को बताया गया कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को हरा-भरा रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए स्वच्छ वायु, वर्षा, फल, औषधि और स्वस्थ वातावरण का आधार हैं। कार्यक्रम में दिदियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पिपरिया खाती में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। संस्था ने ग्रामीणों और बच्चों से आह्वान किया कि पौधा लगाने के साथ उसकी जिम्मेदारी भी लें, ताकि आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत वृक्ष बन सके।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच, सचिव, परामर्शदाता श्री अकील अहमद, श्री मनीष तिवारी, श्री गेहरसिंग, नवांकुर संस्था से श्री रामदयाल, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति से श्रीमती सीमा रघुवंशी, श्री वीरेंद्र सिंह रघुवंशी, ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच, ग्राम पटेल एवं नवांकुर सखियां उपस्थित थीं।