जमुई: DM ने सरस्वती विद्या निकेतन सतायन का लिया जायजा, अभिभावक व बच्चों से संवाद कर बेहतर शिक्षा का दिया संदेश
शिक्षा विभाग के निर्देश और DM के मार्गदर्शन में जिले के सभी 11 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, विद्यालयों में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों, पठन-पाठन की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की भावी आवश्यकताओं को लेकर अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रशासन के बीच सार्थक और पारदर्शी संवाद स्थापित करना रहा। उक्त जानकारी बुधवार की शाम 6:00 बजे प्रेस रिलीज व तस्वीर जारी कर दी गई है।
वहीं कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए आदर्श विद्यालयों को गोद लेकर उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास की निगरानी कर रहे SDM सौरव कुमार और सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंडों के आदर्श विद्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान टीमों ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का निरीक्षण किया और उनके प्रभावी उपयोग की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही, विद्यालयों की आवश्यकताओं, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपचारात्मक कक्षाओं, पाठ्यक्रम की प्रगति तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संबंध में शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन से जानकारी प्राप्त की गई।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय, सतायन में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में स्वयं उपस्थित होकर विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उनकी रुचियों, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिवार, समाज, जिले और राष्ट्र के समग्र विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ विवेक, अनुशासन, नैतिकता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई की नियमित समीक्षा के साथ-साथ उनके व्यवहार, मित्र-परिवेश और मानसिक स्थिति में होने वाले बदलावों पर भी संवेदनशीलता के साथ ध्यान दें तथा उनके साथ अभिभावक के साथ-साथ एक मित्र और मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं। #jamui #education #dmjamui #sdojamui #viralreels
Jamui, Jamui | Oct 1, 2026