02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित प्रतिमा स्थल पर जयंती समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
समारोह के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव एवं मानवता के मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का संकल्प लिया। महात्मा गांधी के विचारों को स्मरण करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ, समतामूलक एवं सुदृढ़ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को भी स्मरण किया गया। उनके अमर संदेश ‘जय जवान, जय किसान’ को देश की सुरक्षा, कृषि विकास तथा राष्ट्र की समृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।
समारोह में अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री इफ्तेखार अहमद, जिला परिवहन पदाधिकारी सुश्री सुनंदा कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी, सिविल सर्जन डॉ. कृष्णा कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्री रितेश कुमार यादव, जिला योजना पदाधिकारी श्री अविनाश प्रकाश सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं समाहरणालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।