पिरवां पंचायत को सुरक्षित बाल विवाह मुक्त बनाने का प्रस्ताव पारित
02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर प्रखंड मदनपुर अंतर्गत पिरवां ग्राम पंचायत को “सुरक्षित बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत” बनाने को लेकर पंचायत स्तर पर महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम एवं बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष बैठक आयोजित कर प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक पिरवां पंचायत के मुखिया श्री जनेश्वर यादव जी के अध्यक्षता में किया गया बैठक में ,पंचायत सचिव अरबिन्द कुमार , सरपंच संजय यादव , समिति प्रतिनिधि रंजय भुइयां सहित पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। बैठक में बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए पंचायत स्तर पर सामूहिक प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की।
इस दौरान दीप ज्योति कल्याण संस्थान के सामुदायिक सोशल वर्कर बिन्दु कुमार ने बाल विवाह की रोकथाम में पंचायत, जनप्रतिनिधियों,परिवार एवं समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि संभावित बाल विवाह की समय पर पहचान, सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई में सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रशासन एवं जिम्मेदार संस्थाओं को तत्काल सूचना दें।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि पिरवां पंचायत क्षेत्र में किसी भी बालक या बालिका का बाल विवाह नहीं होने दिया जाएगा। पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मिलकर बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाएंगे तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर पंचायत के सभी प्रतिनिधियों ने बाल विवाह के खिलाफ अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा पिरवां को सुरक्षित बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
यह पहल बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पंचायत स्तर पर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।