#गुना - डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुठियाई का किया निरीक्षण
डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुठियाई का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति 80 प्रतिशत से अधिक पाई गई। विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह एवं अनुशासन देखने को मिला, वहीं सभी शिक्षक अपनी-अपनी कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्यापन कार्य करते मिले।
विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में सीसीटीवी कैमरों की सुविधा, कक्षाओं का बेहतर रखरखाव तथा दो कक्षों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था विद्यालय की सकारात्मक उपलब्धियों के रूप में सामने आई। विद्यार्थियों में सीखने की ललक और शिक्षकों की सक्रियता भी सराहनीय रही।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए विद्यालय में कम से कम 8 अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता महसूस की गई। इस संबंध में विद्यालय प्राचार्य द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को मांग भेजे जाने की जानकारी दी गई। अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को और बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
विद्यार्थियों के अंग्रेजी भाषा कौशल को और मजबूत करने के उद्देश्य से डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि कक्षाओं में प्रतिदिन विद्यार्थियों से अंग्रेजी के अध्यायों का वाचन कराया जाए। इससे विद्यार्थियों में अंग्रेजी पढ़ने, समझने एवं बोलने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
विद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्थान की आवश्यकता तथा विज्ञान प्रयोगशालाओं के लिए पृथक कक्ष उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी सामने आई। इस दिशा में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Department of School Education, Madhya Pradesh
Guna, Madhya Pradesh | Aug 18, 2026