#RKMV में सावन उत्सव के बहाने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
शिव आराधना से लेकर पौधरोपण और स्वच्छता तक, छात्राओं को पर्यावरण के प्रति किया जागरूक
शिमला। राजकीय कन्या महाविद्यालय (RKMV) शिमला में आयोजित सावन एवं मानसून उत्सव इस बार मनोरंजन के साथ प्रकृति संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दे गया। महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश दिया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने सावन को प्रकृति के नव श्रृंगार का प्रतीक बताते हुए कहा कि भगवान शिव की पूजा के साथ प्रकृति की सेवा भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से सावन में एक पौधा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण प्रकृति की सच्ची पूजा है। मानसून के दौरान जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने को देखते हुए उन्होंने आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया। महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. संध्या शर्मा ने कहा कि उत्सव का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, सभ्यता और लोक परंपराओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में छात्राओं ने शिव स्तुति, गरबा और घूमर की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक रंग बिखेरा। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में बीसीए की प्रीति प्रथम, बी.वॉक की पारुल द्वितीय, बीए द्वितीय वर्ष की स्वाति तृतीय, बीए तृतीय वर्ष की वर्षा चतुर्थ और एमए प्रथम वर्ष की रीना पांचवें स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।