मुरैना में बदमाशों के हौसले बुलंद, बीच सड़क फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग
मुरैना। शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शराब के लिए रुपए मांगने और मारपीट के विवाद के बाद कुछ लोगों द्वारा बीच सड़क पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सड़क पर फायरिंग होती दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर इलाके में इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक सौरव यादव से कुछ लोगों ने शराब के लिए रुपए मांगे थे। रुपए देने से इनकार करने पर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना के बाद सौरव यादव ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर कुछ बदमाश दोबारा दुकान के आसपास पहुंचे और बीच सड़क पर फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा घटना का वीडियो बना लिया गया, जो अब सामने आया है।
फायरिंग की घटना के बाद दुकानदार दोबारा स्टेशन रोड थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, पुलिस सामने आए वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस द्वारा फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।