मखदुमपुर में जनता दरबार लगा, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा पर चर्चा
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने मंगलवार को मखदुमपुर थाना परिसर में जनता दरबार लगाया और शांति समिति की बैठक की। जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निष्पादन के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं, शांति समिति की बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारा कायम रखने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संवाद कर जनसेवा को बेहतर बनाने तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी करने के निर्देश दिए।