चकाई में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का जोरदार अभिनंदन
जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो के नेतृत्व में आयोजित समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
परिवर्तन बिहार न्यूज़ के लिए विवेक की रिपोर्ट....
चकाई विधानसभा क्षेत्र के सोनो प्रखंड में रविवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए और स्वास्थ्य मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर मंत्री निशांत कुमार का अभिनंदन किया। समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की।
जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और आम लोगों को उसका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अभिनंदन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को भी रखा। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से सोनो प्रखंड में जदयू की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देखने को मिला।
Jamui, Jamui | Aug 16, 2026