#गुना - एमएसएमई को बड़े उद्योगों एवं सार्वजनिक उपक्रमों की खरीद प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर
दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय (MSME-DFO), इंदौर एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, गुना के संयुक्त तत्वावधान में 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को पीजी कॉलेज, गुना में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम (VDP) का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को सार्वजनिक उपक्रमों की खरीद प्रक्रिया से जोड़ना, वेंडर पंजीयन की जानकारी उपलब्ध कराना तथा एमएसएमई के लिए उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प स्वागत के साथ हुआ। श्री राज कुमार मोहनानी, सहायक निदेशक, MSME-DFO इंदौर ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सूक्ष्म एवं लघु उद्योग इस कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक उपक्रमों की आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त कर अपने उत्पादों को विकसित कर व्यापार के नए अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन श्री निलेश त्रिवेदी, सहायक निदेशक, MSME-DFO इंदौर द्वारा किया गया। उन्होंने एमएसएमई द्वारा उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने तथा पीएसयू से ऑर्डर प्राप्त होने पर उसकी पूर्ति के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। श्री टी.एन.एम. राव, जीएम, GAIL ने स्वागत भाषण दिया तथा GeM के महत्व के बारे में जानकारी दी।
NFL विजयपुर के श्री विनय कुमार गुप्ता, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर द्वारा मुख्य अतिथि उद्बोधन दिया गया। उन्होंने सभी उद्यमियों से भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय की योजनाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया तथा NFL के माध्यम से अपना व्यवसाय बढ़ाने के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से योजनाओं की उपयोगिता के बारे में बताया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस DC-MSME की विभिन्न योजनाओं, GAIL की वेंडर पंजीयन प्रक्रिया, Spice Board, SIDBI तथा भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल द्वारा गुणवत्ता मानकों एवं मानकीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इससे एमएसएमई प्रतिभागियों को बड़े सार्वजनिक उपक्रमों की आपूर्ति श्रृंखला में शामिल होने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं एवं मानकों को समझने में सहायता मिली।
कार्यक्रम में लगभग 100 एमएसएमई एवं स्टार्टअप प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान NFL के उपमहाप्रबंधक श्री पवन जिरवी तथा औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner