बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
पानी उतरने वाले क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ब्लीचिंग एवं स्वास्थ्य टीमों को PPE किट के साथ कार्य करने का निर्देश।
=================
सारण,4 अक्टूबर 2026
=================
सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा बचाव, राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूरी मुस्तैदी के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है। प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत सभी हेल्थ टीमों के पास ग्लव्स, आवश्यक PPE एवं अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें, ताकि स्वास्थ्यकर्मी सुरक्षित तरीके से लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा सकें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों से बाढ़ का पानी उतर रहा है, वहां बड़े पैमाने पर ब्लीचिंग का कार्य कराया जाए, ताकि संक्रमण एवं जलजनित बीमारियों के प्रसार की आशंका को कम किया जा सके। पानी उतरने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन की कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, सामुदायिक किचेन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति की निगरानी कर रही हैं तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
Saharsa, Bihar | Oct 4, 2026