विषय:- पंचायतीराज विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक दिनांक 17.08.2026 में जिलाधिकारी, सहरसा द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन के संबंध में।
दिनांक 17.08.2026 को जिलाधिकारी, सहरसा श्री दीपेश कुमार, भा०प्र०से० की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार, सहरसा में पंचायतीराज विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा करते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए गए :-
1. पंचायत सरकार भवन: LAEO द्वारा पूर्व में निर्मित ऐसे पंचायत सरकार भवन, जिनकी वर्तमान स्थिति जर्जर/क्षतिग्रस्त है, का संबंधित LAEO के कार्यपालक अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण कर चिह्नित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार शीघ्र मरम्मत कार्य कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही वर्तमान में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों को LAEO एवं BCD के संबंधित कार्यपालक अभियंता द्वारा शीघ्र पूर्ण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
2. 14वीं वित्त आयोग की अवशेष राशि: पंचायतों में 14वीं वित्त आयोग की बची हुई राशि को शीर्ष मद में जमा कर Zero Balance Certificate संबंधित पंचायत सचिव द्वारा दिनांक 18.08.2026 तक जिला पंचायत राज कार्यालय, सहरसा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
3. 15वीं एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग: ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति स्तर पर 15वीं वित्त आयोग एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग से संचालित योजनाओं में व्यय की गति बढ़ाते हुए वर्तमान व्यय में न्यूनतम 10 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
4. मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना: सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर सोलर लाइट में त्रुटि/खराबी है, वहां शीघ्र मरम्मत कर उसे कार्यशील बनाया जाए। साथ ही Sushka Pvt. Ltd. को शेष बचे सोलर लाइटों का शीघ्र अधिष्ठापन/स्थापना कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
5. कन्या विवाह मंडप एवं मोक्षधाम: जिन पंचायतों में कन्या विवाह मंडप एवं मोक्षधाम हेतु भूमि का चिन्हांकन अभी तक नहीं किया गया है, वहां उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर संबंधित योजनाओं को पूर्ण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
6. गुणवत्ता एवं समयबद्धता: सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
7. जिम्मेदारी: उपर्युक्त सभी निर्देशों का अनुपालन संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, पंचायत सचिव, लेखापाल-सह-आईटी सहायक एवं तकनीकी सहायक अपने-अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे तथा प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त, सहरसा, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, सहरसा, सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी,पंचायत सचिव लेखापाल-सह-आईटी सहायक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित थे।