Public App Logo
* माननीय मुख्यमंत्री, बिहार, श्री सम्राट चौधरी ने ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का किया शुभारंभ, विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान की होगी व्यवस्था* सहरसा, 17 अगस्त 2026। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा आज ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया। पोर्टल का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं, शिकायतों तथा सुझावों के लिए एक सशक्त डिजिटल मंच उपलब्ध कराते हुए उनका पारदर्शी, त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इस पोर्टल पर संबंधित संस्थानों एवं छात्रावासों के वास्तविक (Bona fide) विद्यार्थी पंजीकरण कर सकेंगे तथा अपनी शिकायतें एवं सुझाव दर्ज करा सकेंगे। कक्षाओं का समय पर संचालन नहीं होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा का समय पर संचालन नहीं होना, परीक्षाफल के समय पर प्रकाशन में समस्या, अनधिकृत फीस/शुल्क की वसूली, कक्षाओं में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें पोर्टल पर दर्ज की जा सकेंगी। प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को प्रशासी विभाग द्वारा समेकित किया जाएगा। उपलब्ध योजनाओं के अंतर्गत लागू किए जा सकने वाले सुझावों को निर्धारित अवधि में क्रियान्वित किया जाएगा, जबकि अन्य सुझावों पर उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति द्वारा विचार किया जाएगा। ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन संबंधित प्रशासी विभाग द्वारा किया जाएगा। शिविर में कियोस्क, कंप्यूटर, प्रिंटर एवं इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया एवं SOP के अनुसार अधिकतम 30 दिनों में अंतिम निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण हेतु L-1, L-2 एवं L-3 स्तर के प्राधिकार को अधिकृत किया गया है। यह पहल विद्यार्थी-केंद्रित, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहरसा।। - Samastipur News