छिंदा तालाब से रिहायशी इलाके में पहुंचा विशालकाय मगरमच्छ, 10 दिन से दहशत में ग्रामीण
वन विभाग की टीम अब तक नहीं पकड़ सकी मगरमच्छ, हरदुआ खुर्द के पास देखने उमड़ी लोगों की भीड़
दमोह। जबेरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत मुड़ेरी के ग्राम पुरैनहाऊ के समीप स्थित छिंदा तालाब में पिछले करीब 10 दिनों से एक विशालकाय मगरमच्छ डेरा जमाए हुए है। मगरमच्छ के रात के समय रिहायशी इलाकों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग को दिए जाने के बावजूद अब तक मगरमच्छ को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है।
शुक्रवार सुबह मगरमच्छ हरदुआ खुर्द के पास रिहायशी इलाके में पहुंच गया। विशालकाय मगरमच्छ को देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उसे देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। रिहायशी क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ पिछले कई दिनों से क्षेत्र में दिखाई दे रहा है और रात के समय आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाता है। इसकी जानकारी वन विभाग को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन शुक्रवार सुबह तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
शब्द विन्यास: छिंदा तालाब, विशालकाय मगरमच्छ, वन विभाग, हरदुआ खुर्द, रिहायशी इलाका, ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की चिंता।
Damoh, Damoh | Oct 16, 2026