गौ-अभ्यारण्य जरारूधाम में विद्यार्थियों ने कृषि व्यवसाय, गौपालन एवं पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया
===
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावसायिक कौशल, कृषि, गौपालन एवं पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, किशुनगंज के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 63 विद्यार्थियों ने गौ-अभ्यारण्य जरारूधाम का शैक्षणिक भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विषय शिक्षकों के मार्गदर्शन में गौ-अभ्यारण्य में संचालित विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन कर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने गौसेवा, जैविक खाद निर्माण संयंत्र, गोबर गैस संयंत्र, पौधरोपण, पौधशाला (नर्सरी), जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा ‘गाय से व्यवसाय की ओर’ विषय के अंतर्गत गौपालन को आजीविका एवं स्वरोजगार से जोड़ने की संभावनाओं से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकल्पों को देखकर जाना कि किस प्रकार गोबर एवं अन्य प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग जैविक खाद, ऊर्जा उत्पादन और कृषि कार्यों में किया जा सकता है।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा कृषि, पशुपालन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
1 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026