सुपर एक्सप्रेस को जमालपुर से ही चलाने की मांग को लेकर डीआरएम को ज्ञापन सौंपने मालदा मंडल पहुँचे राजद नेता
सुपर एक्सप्रेस ट्रेन का पटना से विस्तार मंजूर नहीं, जमालपुर से ही हो परिचालन: राजेश रमण
राजद नेता ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन, कहा- नई ट्रेन चलानी है तो पटना से चलाएं होगा स्वागत, जमालपुर की ट्रेन न छीनें
जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस 13071/13072 को जमालपुर के बजाय पटना से चलाने की योजना के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने आवाज बुलंद की है। इस संबंध में प्रमंडल प्रभारी सह जिलाध्यक्ष बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ राजेश रमण ने पूर्व रेलवे मालदा के मंडल रेल प्रबंधक से उनके मालदा डीआरएम ऑफिस में मुलाकात की, तथा एक ज्ञापन सौंपकर ट्रेन का परिचालन जमालपुर से ही जारी रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुपर एक्सप्रेस पिछले 30-40 वर्षों से जमालपुर से हावड़ा के बीच यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन बनी हुई है। जमालपुर रेल कारखाना एवं ईरमी से जुड़े हजारों रेलकर्मी, अधिकारी तथा मुंगेर-जमालपुर क्षेत्र के यात्री इस ट्रेन पर निर्भर हैं। ट्रेन जमालपुर से ही यात्रियों से पूरी तरह भरकर हावड़ा जाती है। ऐसे में इसके परिचालन का विस्तार पटना तक करने का औचित्य समझ से परे है। उन्होंने कहा कि जमालपुर रेल कारखाना एशिया के प्रमुख एवं ऐतिहासिक रेल कारखानों में शामिल है। कारखाना का मुख्यालय कोलकाता में होने के कारण रेल अधिकारियों व कर्मचारियों का हावड़ा आना-जाना लगा रहता है। वहीं रेलवे अस्पताल से गंभीर मरीजों को कोलकाता रेफर किए जाने पर भी यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित होती है। यदि रेलवे को पटना से हावड़ा के बीच भाया जमालपुर नई ट्रेन चलानी है तो उसका स्वागत किया जाएगा, लेकिन सुपर एक्सप्रेस को जमालपुर से हटाना स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने जमालपुर स्टेशन की सुविधाओं एवं स्टेशन रोड सहित कारखाना छह नंबर गेट की सड़क की बदहाली का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग नहीं मानी गई तो राजद की ओर से अहिंसात्मक आंदोलन किया जाएगा, जो निर्णायक चरण तक पहुंचेगा। इधर, डीआरएम, एडीआरएम व सीनियर डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर ने राजद नेता के ज्ञापन पर अश्वासन देते हुए बात को ऊपर तक पहुंचाने की बात कही।
#MungerNews #पब्लिक
Munger, Munger | Aug 31, 2026