ग्राम पंचायत सिहोना में विकास कार्यों की जांच की मांग
हरदोई: विकासखंड टड़ियावां की ग्राम पंचायत सिहोना में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में सरकारी धन के खर्च को लेकर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना ने सवाल उठाए हैं। संगठन के जिला उपाध्यक्ष अजीत हिंदू ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विकास कार्यों की स्वतंत्र स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत में खेल मैदान के कार्य पर 12.57 लाख रुपये तथा सामुदायिक शौचालय निर्माण पर 2.92 लाख रुपये समेत विभिन्न कार्यों में धनराशि खर्च दिखाई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन व सरकारी अभिलेखों में दर्ज व्यय और मौके पर कराए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रत्येक कार्य की स्वीकृति, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति, एमबी, बिल-वाउचर, भुगतान विवरण, संबंधित फर्म/व्यक्ति तथा ई-मस्टर रोल की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही सामग्री खरीद, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, मौके पर माप और ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज धनराशि का भौतिक कार्य से मिलान कराने का भी अनुरोध किया गया है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि केवल कार्यालयी अभिलेखों के आधार पर शिकायत का निस्तारण करने के बजाय मौके पर पहुंच कर भौतिक सत्यापन कराया जाए। जांच में यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
Hardoi, Hardoi | Oct 3, 2026