अररिया में राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, बैडमिंटन व थाँगता प्रतियोगिता का आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अररिया में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल विभाग, महिला एवं बाल विकास निगम, अररिया तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत इंडोर स्टेडियम, अररिया में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं, खेल भवन सह व्यायामशाला, अररिया में थाँगता प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। इसके अलावा जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती कविता कुमारी एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री सन्याल कुमार ने मेजर ध्यानचंद को पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने मेजर ध्यानचंद के खेल योगदान को याद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बेटियों को शिक्षा, साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिला खेल पदाधिकारी ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से बच्चों की रुचि के अनुरूप उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों के बीच शॉट लगाकर किया गया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालिका एवं बालक वर्ग की सिंगल और डबल स्पर्धाओं के साथ जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विजेता प्रतिभागी की सूची :-
बैडमिंटन सिंगल वर्ग -
1. प्रकृति प्रभाकर विजेता
2. नजीफा नाज उपविजेता
डबल वर्ग -
1. स्नेहा भारती एवं प्रकृति विजेता
2. सना इस्माइल एवं कायनात प्रवीण उपविजेता
बालक सिंगल वर्ग -
1. मनीष कुमार विजेता
2. इमाम हसन उपविजेता
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सभी प्रतिभागियों को योजना के लोगोयुक्त टी-शर्ट एवं टोपी प्रदान की गई। विजेताओं एवं उपविजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी तथा लोगोयुक्त ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।
थाँगता प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल भवन सह व्यायामशाला में आयोजित थाँगता प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जिगर, सगुण, जाह्नवी, आँचल, रौनक, असद, अप्रीता एवं रुद्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं विनायक, प्राणशु, कृतिका, आस्था, कृष्ण, ओम एवं विद्या ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों में भी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित किया गया।
Araria, Araria | Aug 29, 2026