अररिया विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा उनके कार्यालय कक्ष वेश्म में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की स्थिति एवं उनके निष्पादन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई।
समीक्षा के क्रम में नोडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 09 आवेदनों का विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर निबंधन किया जा चुका है, जबकि 06 आवेदनों का निष्पादन किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने समीक्षा के दौरान सभी संबंधित नोडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अनिवार्य रूप से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, प्राप्त आवेदनों की सम्यक् एवं गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए उनका निर्धारित समय-सीमा के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से संबंधित मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदन के निष्पादन की प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सरकारी सेवाओं एवं सहायता का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिल शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक दिव्यांजन सहित संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Araria, Araria | Aug 29, 2026