ब्लाइंड मर्डर गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, कब्र से बाहर निकाला मोहम्मद यकीन का शव, एफएसएल ने लिए सैंपल
कोटा शंभूपुरा स्थित नए एयरपोर्ट के पास कार में मिला था शव, सेंपल के बाद फिर से सुपुर्द ए खाक किया गया शव
29 सितंबर को कार में गोली लगा मिला मोहम्मद यकीन के शव के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को फोरेंसिक जांच के लिए मोहम्मद यकीन का शव दोबारा कब्र से निकलवाया गया। एफएसएल टीम ने शव से जरूरी सैंपल लिए, जिसके बाद शव को पुनः सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।तालेड़ा थाना अधिकारी मुकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम बोरखेड़ा स्थित कब्रिस्तान पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया और एफएसएल टीम ने आवश्यक नमूने लिए।गौरतलब है कि 29 सितंबर को शंभूपुरा एयरपोर्ट के पास एक कार में मोहम्मद यकीन का शव मिला था। शरीर पर गोली के निशान पाए गए थे। घटना के बाद से पुलिस मामले को ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच कर रही है।पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाल रही है। शव से लिए गए एफएसएल सैंपल जांच में अहम सुराग दे सकते हैं।थानाधिकारी मुकेश यादव के अनुसार पुलिस लगातार जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Sangod, Kota | Oct 7, 2026