गांधी जयंती पर जनमुक्ति आंदोलन ने निकाली मोटरसाइकिल यात्रा
जहानाबाद : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को जनमुक्ति आंदोलन की ओर से मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी ने किया। यात्रा डॉ. विनियन आश्रम, ग्राम नवादा से शुरू होकर सेरथुआ, टेहटा, सुगाव, इमलिया मोड़, पैगंबरपुर, किशनपुर, पिंजोरा, रमदानी और बैरागी बाग होते हुए गांधी मैदान पहुंची। यहां गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद बैरागी बाग स्थित धानो देवी नर्सिंग कॉलेज में 'प्रजातंत्र में सवाल पूछने का अधिकार' विषय पर एक दिवसीय विचार गोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने लोकतंत्र में नागरिकों के अधिकार, सवाल पूछने की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और जनभागीदारी जैसे विषयों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों का जागरूक होना और व्यवस्था से सवाल पूछना जरूरी है।
कार्यक्रम में जनमुक्ति आंदोलन के राष्ट्रीय महासचिव हरी लाल प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष संत प्रसाद, अनिल राय, केंद्रीय समिति सदस्य जनार्दन शाही, युवा संघर्ष वाहिनी के प्रियदर्शी, युवा राजद के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. रविकांत कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 2, 2026